मंत्री कपिल मिश्रा ने नाइजीरिया के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री से की मुलाकात

-कृषि और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में भारत-नाइजीरिया सहयोग की व्यापक संभावनाएंः कपिल मिश्रा

एसएस ब्यूरो/नई दिल्ली, 17 अगस्त 2026।
दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा तथा पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में नाइजीरिया संघीय गणराज्य के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री डॉ. अलीयू साबी अब्दुल्लाही तथा उनके प्रतिनिधिमंडल के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। श्री कपिल मिश्रा ने नाइजीरियाई मंत्री एवं प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बैठक में कृषि विकास, किसानों के कल्याण, खाद्य सुरक्षा और कृषि उपज के बेहतर प्रबंधन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की शुरुआत दोनों पक्षों के संक्षिप्त परिचय के साथ हुई। इसके बाद दिल्ली सरकार के विकास विभाग ने दिल्ली में कृषि क्षेत्र की वर्तमान स्थिति तथा किसानों के कल्याण के लिए दिल्ली सरकार और भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी साझा की।
बैठक में दिल्ली कृषि विपणन बोर्ड ने भी विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें मंडियों के माध्यम से अनाज, सब्जियों, फलों और फूलों की आपूर्ति एवं विपणन श्रृंखला के प्रबंधन, कृषि उपज के बाजार तक पहुंचने की प्रक्रिया तथा मंडी व्यवस्था की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, “भारत और नाइजीरिया के बीच कृषि और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं। दिल्ली सरकार द्वारा किसानों के हित में किए जा रहे कार्यों, कृषि योजनाओं और मंडी व्यवस्था के अनुभवों को साझा करना दोनों देशों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।”
नाइजीरिया के कृषि एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री ने बैठक और प्रस्तुतियों के लिए दिल्ली सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बैठक में साझा की गई जानकारी को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया तथा नाइजीरिया में कृषि क्षेत्र के विकास और खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में दिल्ली सरकार के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।