17 मई तक बढ़ा लॉकडाउन, दो सप्ताह और रहना होगा घरों में

-ग्रीन और ऑरेन्ज जोन में शर्तों के साथ मिलेगी छूट
-रेड जोन में भी कामकाज की शर्तों के साथ मिलेगी छूट

टीम एटूजैड/ नई दिल्ली
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन देशभर में लॉकडाउन की अवधि 2 सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई है। अब देशभर में 17 मई तक लॉकडाउन रहेगा। देश में 40 दिनों का लॉकडाउन 3 मई को पूरा हो रहा था। शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी है। खास बात है कि इस बार ग्रीन और ऑरेन्ज जोन में शर्तों के साथ कुछ रियायतें भी दी गई हैं। लेकिन सोशल डिस्टेंशिंग के नियम पहले की तरह जारी रहेंगे।
शुक्रवार को गृहमंत्रालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि लॉकडाउन से कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में देश को काफी फायदा हुआ है। लॉकडाउन को 4 मई से अगले 2 सप्ताह तक बढ़ाने की घोषणा की जाती है। रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के लिए अलग-अलग गाइडलाइंस तैयार की गई हैं। ग्रीन और ऑरेन्ज जोन में काफी छूट भी दी गई हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देश के सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडिया कांफ्रेंसिंग के जरिए लॉकडाउन पर चर्चा की थी। इस दौरान अधिकतर राज्यों के मुख्यमंत्रियों की राय थी कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लॉकडाउन अभी जारी रखा जाए। कुछ राज्यों ने लॉकडाउन के साथ ही आर्थिक गतिविधियों को शर्तों और सावधानियों के साथ चालू करने पर जोर दिया था।
रेड जोन में 130 जिले
गृह मंत्रालय द्वारा तय किए गए नए नियमों के मुताबिक अब अगर किसी जिले में 21 दिनों से कोई कोरोना वायरस का नया केस नहीं आता है तो उसे ग्रीन जोन में माना जाएगा। पहले यह समय 28 दिनों का था। 4 मई से देशभर के 130 जिलों को रेड जोन में रखा गया है। 284 जिलों को ऑरेंज जोन और 319 जिलों को ग्रीन जोन में शामिल किया गया है।
रेड जोन में हैं दिल्ली-मुंबई
स्वास्थ्य मंत्रालय की नई गाइडलांअस के मुताबिक दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद शहरों को रेड जोन में रखा गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के 14, दिल्ली के 11, तमिलनाडु के 12, उत्तर प्रदेश के 19, बंगाल के 10, गुजरात के 9, मध्य प्रदेश के 9, राजस्थान के 8 जिले रेड जोन में शामिल हैं।
ऑरेंज जोन में बिहार, उत्तर प्रदेश भी आगे
ऑरेंज जोन में बिहार के 20, उत्तर प्रदेश के 36, तमिलनाडु के 24, राजस्थान के 19, पंजाब के 15, मध्य प्रदेश के 19, महाराष्ट्र के 16 जिले शामिल किए गए हैं। दूसरी ओर ग्रीन जोन में असम के 30, छत्तीसगढ़ के 25, अरुणाचल प्रदेश के 25, मध्य प्रदेश के 24, ओडिशा के 21, उत्तर प्रदेश के 20, उत्तराखंड के 10 जिलों को शामिल किया गया है।
एनसीआर भी खतरे में
दिल्ली-एनसीआर के ज्यादातर इलाके रेड जोन में शामिल हैं। दिल्ली के सभी 11 जिले रेड जोन में हैं। हरियाणा का गुरुग्राम ऑरेंज और फरीदाबाद रेड जोन में शामिल है। उत्तर प्रदेश का गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, आगरा और सहारनपुर रेड जोन में हैं, जबकि गाजियाबाद, हापुड़ और शामली को अब ऑरेंज जोन में शामिल किया गया है। देश में अभी 130 जिले रेड जोन में, 284 आरेंज और 319 जिले ग्रीन जोन में हैं।
35 हजार तक पहुंचा कोरोना का आंकड़ा
भारत में कोरोना पॉजिटिव के मामले 35 हजार 43 तक नहुंच गए हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 1993 नए मामले सामने आए हैं। जबकि 73 लोगों की मौत हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 35 हजार 43 हो गए हैं। अब तक 1147 लोगों की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोरोना के कुल 25 हजार 07 एक्टिव केस हैं। वहीं 8 हजार 889 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। कोरोना वायरस से सर्वाधिक 459 लोगों की मौत महाराष्ट्र में हुई। महाराष्ट्र में कोरोना से पीड़ितों की संख्या 12 हजार 730 हो गई है।