-मर्डर केस में पहले भी जेल जा चुका है महिला वकील पर हमला करने वाला आरोपी
एसएस ब्यूरो/ दिल्लीः 27 अप्रैल।
खजूरी थाना पुलिस की मुस्तैदी से महिला वकील पर जानलेवा हमला करने वाला सलाखों के पीछे पहुंच गया है। मामले में सबसे बड़ी भूमिका खजूरी पुलिस थाने के एडीशनल एसएचओ उत्तम कुमार की रही है। उन्होंने केस को सुलझाने की जिम्मेदारी मिलने के 6 घंटे के अंदर आरोपी को गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दिया। दिल्ली पुलिस के इस अधिकारी की मुस्तैदी की लोग तारीफ कर रहे हैं।


दरअसल घटना 22 अप्रैल की है। 22 अप्रैल को पुलिस को एक कॉल आई जिसमें पीड़ित महिला वकील मधु राजपूत ने बताया कि उसके पति मनोज ने उसे तलवार से मारने की कोशिश की है। कॉल मिलने पर प्रथम आईओ अभिषेक कुमार ने महिला को उसकी जान बचाने के उद्देश्य से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जैसे ही अधिवक्ताओं के संगठन शाहदरा बार एसोसिशसन को इस घटना की सूचना मिली तो बार एसोसिएशन के पदाधिकारी भी सक्रिय हो गये और उन्होंने पुलिस पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने काफी प्रयास किया परंतु आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इसके बाद मामले की जांच खजूरी थाने के एडीशनल एसएचओ उत्तम कुमार को सोंपी गई। तब उत्तम कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपनी टीम बनाई और आरोपी की गिरफ्तारी में जुट गये। उन्होंने अपने सूत्रों से सूचना प्राप्त की और आरोपी मनोज को 6 घंटे के अंदर गिरफ्तार करके कोर्ट में पेश कर दिया। बता दें कि आरोपी मनोज का आपराधिक रिकार्ड रहा है और वह इससे पहले हत्या के आरोप में 4 साल की सजा काट चुका है।


