-पूल-डी में खेलेगी टीम इंडिया, 15 अगस्त को होंगी वेल्स के खिलाफ शुरुआत
-इसके बाद इंग्लैंड और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा मुकाबला
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 21 जुलाई।
हॉकी इंडिया ने सोमवार को बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त 2026 तक आयोजित होने वाले एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम की घोषणा कर दी। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने विश्वास जताया कि चयनित टीम के पास भारतीय हॉकी इतिहास में अपना नया अध्याय लिखने का शानदार अवसर है।
अनुभवी डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ हरमनप्रीत सिंह टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि भारत के सबसे अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले खिलाड़ी मनप्रीत सिंह उपकप्तान नहीं बल्कि अनुभवी मिडफील्डर के रूप में टीम को मजबूती देंगे। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों और शानदार फॉर्म में चल रहे युवा खिलाड़ियों का संतुलित मिश्रण देखने को मिलता है।
मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा, “यह एक संतुलित टीम है। इसमें बड़े टूर्नामेंटों का अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ ऐसे युवा शामिल हैं जिन्होंने अपनी प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि अपने प्रदर्शन के दम पर जगह बनाई है।”
गोलकीपिंग विभाग में मोहिथ एचएस और सूरज करकेरा को शामिल किया गया है। रक्षा पंक्ति में जरमनप्रीत सिंह, कप्तान हरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच शामिल हैं। मिडफील्ड की जिम्मेदारी मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और विवेक सागर प्रसाद के साथ नीलकांत शर्मा तथा युवा खिलाड़ी राजिंदर सिंह और आदित्य अर्जुन लालगे संभालेंगे।
फॉरवर्ड लाइन में मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, अभिषेक, सुखजीत सिंह और शिलानंद लाकड़ा पर गोल करने की जिम्मेदारी होगी। भारत को पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स के साथ रखा गया है। टीम अपने सभी लीग मुकाबले नीदरलैंड के एम्स्टलवीन में खेलेगी।
फुल्टन ने कहा, “प्रेस, काउंटर और प्रदर्शन केवल हमारी रणनीति नहीं है, बल्कि यही हमारी सोच और प्रशिक्षण का आधार भी है। हम एक-एक मैच पर पूरा ध्यान देंगे और हर मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के इरादे से उतरेंगे।”
भारतीय टीम 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड और 19 अगस्त को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से भिड़ेगी। भारत-पाकिस्तान मुकाबला पूल चरण का सबसे चर्चित मैच माना जा रहा है।
फुल्टन ने कहा, “1975 में भारत की विश्व कप जीत के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस टीम के पास भारतीय हॉकी इतिहास में अपना नया अध्याय लिखने का अवसर है और हम इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं।”
भारतीय टीम
गोलकीपर: मोहिथ एचएस, सूरज करकेरा
डिफेंडर: जरमनप्रीत सिंह, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच
मिडफील्डर: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकांत शर्मा, विवेक सागर प्रसाद
फॉरवर्ड: दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह, अभिषेक


