भारत ने रोमांचक सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 5-3 से दी मात, अंडर-18 पुरुष एशिया कप के फाइनल में प्रवेश

-आशीष तानी पूर्ति (12वें, 49वें, 53वें, 56वें मिनट) ने चार गोल दागकर भारत की शानदार वापसी का नेतृत्व किया

विजय कुमार/ नई दिल्ली- काकामिगाहारा (जापान) 5 जून ।
भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शुक्रवार को खेले गए अंडर-18 पुरुष एशिया कप 2026 के हाई-वोल्टेज सेमीफाइनल मुकाबले में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। तीसरे क्वार्टर के अंत तक 2-3 से पिछड़ रही भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में शानदार आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
मुकाबले की शुरुआत काफी सतर्क और तनावपूर्ण रही, जहां दोनों टीमें मिडफील्ड पर नियंत्रण स्थापित करने के लिए संघर्ष करती नजर आईं। भारत को 12वें मिनट में सफलता मिली, जब अपनी ही हाफ से शुरू हुए एक शानदार मूव ने पाकिस्तान की रक्षा पंक्ति से गलती करवाई और भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। फॉरवर्ड आशीष तानी पूर्ति (12′) ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। यह बढ़त भारत ने पहले क्वार्टर के अंत तक बनाए रखी।
दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने आक्रामक अंदाज अपनाया और 16वें मिनट में अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। भारतीय गोलकीपर आयुष राजक और डिफेंडर अंश बहुत्रा ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए अहमद उज़ैर की शक्तिशाली ड्रैगफ्लिक को रोक दिया। पाकिस्तान लगातार दबाव बनाता रहा और 27वें मिनट में बराबरी हासिल कर ली। अदील ने एक पास को इंटरसेप्ट किया, डिफेंस को भेदते हुए फील्ड गोल दागा और स्कोर 1-1 कर दिया। इसी स्कोर के साथ दोनों टीमें हाफटाइम तक पहुंचीं।
तीसरे क्वार्टर में मुकाबला और रोमांचक हो गया। भारत ने 35वें मिनट में फिर बढ़त हासिल की, जब शाहरुख अली (35′) ने तेज़ पासिंग मूव का शानदार फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचाया। हालांकि यह बढ़त ज्यादा देर कायम नहीं रह सकी और पाकिस्तान ने 37वें मिनट में मोहम्मद फरहान असलम के फील्ड गोल की बदौलत स्कोर 2-2 कर दिया।
इसके बाद पाकिस्तान ने 42वें मिनट में पहली बार बढ़त बनाई, जब उज़ैर अहमद कुरैशी ने पेनल्टी कॉर्नर पर सटीक ड्रैगफ्लिक लगाकर गोल किया। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक पाकिस्तान 3-2 से आगे था।
टूर्नामेंट में बने रहने के लिए भारत को अंतिम क्वार्टर में वापसी करनी थी और टीम ने वही किया। लगातार दबाव के चलते पाकिस्तान के मुज़म्मिल सईद को 46वें मिनट में ग्रीन कार्ड मिला। इसके तुरंत बाद भारत को लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर आशीष तानी पूर्ति (49′) ने शानदार ड्रैगफ्लिक के जरिए गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया।
इसके बाद भारतीय टीम ने पूरी तरह मैच पर नियंत्रण स्थापित कर लिया और लगातार पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। पाकिस्तान की रक्षा पंक्ति ने कुछ प्रयासों को जरूर विफल किया, लेकिन 53वें मिनट में आशीष (53′) ने एक और शानदार पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी।
मैच समाप्त होने में केवल चार मिनट बाकी थे, तभी भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। आशीष तानी पूर्ति (56′) ने एक बार फिर गेंद को गोल में पहुंचाकर मैच में अपना चौथा गोल दागा और भारत की बढ़त 5-3 कर दी।
अंतिम मिनटों में भारतीय खिलाड़ियों ने धैर्य और अनुशासन बनाए रखा तथा पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया। इसके साथ ही भारत ने 5-3 की शानदार जीत दर्ज करते हुए टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।