स्वतंत्रता दिवस समारोहः आम नागरिकों के लिए खुले दिल्ली विधानसभा के ऐतिहासिक द्वार

-14 और 15 अगस्त को बीएसएफ एवं सीआरपीएफ बैंड की देशभक्ति प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित
एसएस ब्यूरो/

नई दिल्ली, 13 अगस्त 2026।
भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली विधानसभा ने अपने ऐतिहासिक भवन एवं परिसर के द्वार 14 और 15 अगस्त 2026 को आम नागरिकों के लिए खोल दिये हैं। नागरिक इन दोनों दिनों में शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक विधानसभा परिसर में प्रवेश कर इसके गौरवशाली इतिहास, विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं से परिचित हो सकेंगे। इसके लिए किसी पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इतिहास, संस्कृति और जनभागीदारी का विशेष संगम देखने को मिलेगा। सीमा सुरक्षा बल (BSF) बैंड एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) बैंड देशभक्ति से ओत-प्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां देंगे। वहीं साहित्य कला परिषद द्वारा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत को प्रदर्शित करने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। समारोह के अवसर पर ऐतिहासिक दिल्ली विधानसभा भवन को शाम के समय तिरंगे की रोशनी से विशेष रूप से सजाया और प्रकाशित किया जाएगा। इस अवसर पर दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक एवं अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
नागरिकों का विधानसभा में स्वागत करते हुए माननीय अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और देशभक्तों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर नहीं है, जिनके त्याग से देश को आजादी मिली, बल्कि यह अवसर नागरिकों को उन लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने का भी है, जो हमारे गणराज्य को मजबूत आधार प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा के द्वार जनता के लिए खोलना इस मूल भावना का प्रतीक है कि लोकतांत्रिक संस्थाएं अंततः उसी जनता की हैं, जिसकी सेवा के लिए उनका गठन हुआ है।
दोनों दिनों में विधानसभा में प्रवेश के लिए पूर्व पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। आगंतुकों का प्रवेश शाम 5 बजे से निर्धारित सुरक्षा जांच के उपरांत किया जाएगा। विधानसभा परिसर में प्रवेश के लिए प्रत्येक आगंतुक को आधार कार्ड अथवा अन्य वैध पहचान-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।