-धर्म, संस्कृति और राष्ट्रवाद के महत्वपूर्ण विषयों पर होगा मंथन
एसएस ब्यूरो/नई दिल्लीः 27 नवंबर।
विश्व हिंदू महासंघ द्वारा आगामी 28 नवंबर 2026, शनिवार को दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में ‘हिंदू जन जागरण सभा’ का आयोजन किया जायेगा। सभा का आयोजन प्रातः 11ः30 बजे से दोपहर 3ः00 बजे तक किया जायेगा। इसकी अध्यक्षता विश्व हिंदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कालिका पीठाधीश्वर महंत सुरेंद्रनाथ अवधूत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं राष्ट्रवादी विचारक अश्विनी उपाध्याय तथा विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार उपस्थित रहेंगे।
सभा में सनातन धर्म की मूल भावना, भारतीय संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, हिंदू समाज में जागरूकता, राष्ट्रवाद, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही वर्तमान सामाजिक एवं राष्ट्रीय परिस्थितियों में हिंदू समाज की भूमिका, उसके दायित्व और भविष्य की दिशा पर भी चर्चा होगी।


