यूपीः कांग्रेस-गठबंधन की उम्मीद खत्म

-मुरादाबाद से लड़ेंगे राज बब्बर, कांग्रेस ने जारी की दूसरी सूची
-भाजपा, बसपा, सपा के बागियों को टिकट

टीम एटूजैड/नई दिल्ली

List Of Candidates

लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। गठबंधन और महागठबंधन की राजनीति के बीच राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करना शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ सपा-बसपा के गठबंधन की उम्मीद अब पूरी तरह से खत्म हो गई है। बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से ज्यादा भाव नहीं मिलने पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है।

बागी नेताओं को टिकट
कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में उत्तर प्रदेश के उन बागी नेताओं को टिकट दिया है जो अपनी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए हैं। भाजपा की बागी सांसद सावित्री फूले को कांग्रेस ने उनकी परंपरागत सीट बहराइच से चुनाव मैदान में उतारा है। कांग्रेस की 21 उम्मीदवारों की दूसरी सूची में से 16 उत्तर प्रदेश के हैं। इसमें बसपा छोड़कर कांग्रेस में आई कैसरजहां को सीतापुर, भाजपा छोड़कर कांग्रेस में आईं ओमवती को नगीना सुरक्षित सीट से चुनाव मैदान में उतारा गया है। डॉ संजय सिंह को सुल्तानपुर और रत्ना सिंह को प्रतापगढ़ से कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है।