DPL: देव लाकड़ा की तूफानी पारी से पुरानी दिल्ली 6 ने आसानी से हासिल किया 181 रन का लक्ष्य

-अनुज रावत की संयमित फिनिशिंग ने आसान किया दिल्ली 6 का रास्ता

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 3 अगस्त।
दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 में अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने अंकित कुमार की 45 गेंदों पर शानदार 86 रन की पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया। हालांकि, पुरानी दिल्ली 6 ने दमदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए यह लक्ष्य 7 विकेट शेष रहते और दो ओवर से अधिक पहले ही हासिल कर लिया।
वेस्ट दिल्ली लायंस को अंकित कुमार और कृष यादव की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी कर पावरप्ले में पुरानी दिल्ली 6 के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। कृष यादव ने 31 गेंदों पर 43 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन उनके आउट होते ही पुरानी दिल्ली 6 ने मुकाबले में वापसी की।
इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे, लेकिन अंकित कुमार ने एक छोर संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और तेजी से रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से बड़ी साझेदारियां नहीं बनने के कारण वेस्ट दिल्ली लायंस 180 रन तक ही पहुंच सकी। पुरानी दिल्ली 6 की ओर से पंकज जसवाल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिए, जबकि अन्य गेंदबाजों ने भी समय-समय पर विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका।
181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुरानी दिल्ली 6 की शुरुआत बेहद खराब रही। रोहन राणा पारी की पहली ही गेंद पर आउट हो गए। हालांकि, इस शुरुआती झटके का टीम की बल्लेबाजी पर कोई असर नहीं पड़ा। समर्थ सेठ और देव लाकड़ा ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन की शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूती से मुकाबले में वापस ला दिया।
इस साझेदारी में देव लाकड़ा पूरी तरह आक्रामक नजर आए। उन्होंने केवल 33 गेंदों पर 64 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चार चौके और छह शानदार छक्के शामिल रहे। वहीं समर्थ सेठ ने 29 गेंदों पर 30 रन की संयमित पारी खेलते हुए उनका बेहतरीन साथ निभाया और शुरुआती झटके के बाद टीम को संभाला।
देव लाकड़ा के आउट होने के बाद कप्तान अनुज रावत ने जिम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन की शानदार पारी खेली, जबकि ललित यादव ने 17 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर मैच को शानदार अंदाज में समाप्त किया। दोनों के बीच हुई अटूट साझेदारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने सात विकेट से आसान जीत दर्ज की और दो ओवर से अधिक शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।