-स्थायी समिति की बैठक में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 नवंबर।
दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की बैठक में गुरूवार को जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक के दौरान पक्ष एवं विपक्ष के सभी पार्षदों को अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं, मुद्दे और सुझाव रखने का पूरा अवसर दिया गया।
बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था, सामुदायिक भवनों की मरम्मत एवं रखरखाव, पार्किंग की समस्या, स्कूलों के रखरखाव, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण, जर्जर एवं असुरक्षित इमारतों, विभिन्न जोनों में कर्मचारियों की कमी, पार्कों के रखरखाव तथा अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए!
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने बताया कि बैठक में पिछले बजट में की गई सभी घोषणाओं की प्रगति रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर स्थायी समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया जाए कि अब तक कितनी घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं, कितनी घोषणाओं के लिए कार्ययोजना तैयार कर ली गई है तथा कितनी घोषणाओं पर कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया जारी है।
सत्या शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निगम के सभी सामुदायिक भवनों का सर्वे कराया जाए। सर्वे के दौरान जर्जर एवं असुरक्षित स्थिति वाले भवनों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जाए, ताकि उनकी स्थिति का आकलन कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों की योजना बनाई जा सके। उन्होंने इस संबंध में सर्वे रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
पार्किंग साइटों का सर्वे करने के निर्देश
स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा ने अधिकारियों को दिल्ली की सभी पार्किंग साइटों का सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि पार्किंग स्थलों का संचालन नियमानुसार हो तथा कहीं भी अवैध रूप से पार्किंग शुल्क तो नहीं वसूला जा रहा है। साथ ही, सड़कों पर अनधिकृत पार्किंग की अनुमति न दी जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जनप्रतिनिधियों को निगम की पार्किंग सुविधाओं में नियमानुसार निःशुल्क पार्किंग की सुविधा उपलब्ध हो।
स्कूलों के आसपास अवैध मीट की दुकानों पर कार्रवाई के निर्देश
सत्या शर्मा ने कहा कि स्कूलों के आसपास मीट की दुकानों के संचालन पर नियमानुसार नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित मीट की दुकानों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पार्किंग की व्यवस्था होने पर ही बैंक्वेट हॉल को लाइसेंस देने पर जोर
बैठक में बैंक्वेट हॉल के कारण आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले यातायात जाम की समस्या पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में कहा गया कि जिन बैंक्वेट हॉल के पास पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध है, उन्हें नियमानुसार लाइसेंस दिया जाए, ताकि सड़कों पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात जाम की समस्या को कम किया जा सके।
सत्या शर्मा ने कहा कि स्थायी समिति लोकतांत्रिक संवाद और जनहित से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच है। बैठक में पार्षदों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना गया है और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।


