दिल्ली-NCR का हालः सर्दी ने तोड़े रिकॉर्ड, बारिश के साथ अगले 5 दिन और गिरेगा पारा

-दिल्ली में गिरते हुए 4.6 डिग्री तक पहुंचा पारा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 09 जनवरी।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ ठंड ने इस सीजन के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में सबसे कम न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। दिल्ली में 1 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री, 4 दिसंबर को 5.6 डिग्री और 5 दिसंबर को भी 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लेकिन 2026 में अब तक का सबसे ठंडा दिन 8 जनवरी का रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट स्थित पालम वेधशाला में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली नोएडा, गाजियाबाद में सुबह के वक्त कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी रिकॉर्ड की गई। दिल्ली में अक्षरधाम, नोएडा फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर जैसे इलाके इसमें शामिल हैं।
दिल्ली में सफदरजंग स्टेशन 4.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। जो सामान्य से माइनस 2.3 डिग्री सेल्सियस कम रिकॉर्ड किया गया। पालम वेधशाला में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा, जो कि एक दिन पहले से माइनस 1.5 डिग्री कम रहा। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री, रिज बेस स्टेशन में 5.4 डिग्री और आया नगर में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली शीत लहर ने सर्दी और बढ़ा दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी शीतलहर का दौर अगले हफ्ते तक जारी रहेगा।
उत्तर भारत में अगले तीन दिन ‘कोल्ड अलर्ट’
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब और उसके आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ की स्थिति से चक्रवात की संभावना बन रही है। अगले 5-7 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत, बिहार, पंजाब, हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश और दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान में गिरावट भी देखी जा सकती है। ऐसे में अगले तीन दिन पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार में शीत दिवस यानी कोल्ड डे के हालात रहेंगे।