उत्तर भारत पर टूट रहा ठंड का कहर… दिल्ली में पारा 2.5 डिग्री पहुंचा

-कोहरे की चादर में लिपटा दिल्ली-एनसीआर
-श्रीनगर में जमकर बर्फ बना डल झील का पानी
-उत्तर प्रदेश में अब चार दिन में 230 की मौत

टीम एटूजेड/ नई दिल्ली
उत्तर भारत में ठंड का कहर जारी है। सोमवार को दिल्ली में सुबह घना कोहरा छाया रहा। तापमान गिरकर 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में रविवार का दिन इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया। ठंड की वजह से मशहूर डल झील का पानी जम गया। राजस्थान के जयपुर में सर्दी ने 55 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। दूसरी ओर हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और बिहार में हाड़ कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी तक ठंड का प्रकोप जारी रहेगा और पारा और गिर सकता है। रात के समय श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया।

दिल्ली से सटे नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद, सोमवार की सुबह पूरी तरह कोहरे की चादर में ढके रहे। सुबह करीब 7 बजे राजधानी दिल्ली में इतनी ज्यादा लो विजिबलिटी रही कि कुछ नजर ही नहीं आ रहा था। घने कोहरे के चलते ट्रेनों और फ्लाइट्स की आवाजाही पर असर पड़ा है। कोहरे के असर के चलते नॉर्दन रेलवे रीजन में लो विजिबलिटी के कारण 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक साल के पहले दिन 1 जनवरी को दिल्ली-एनसीआर में बारिश पड़ सकती है। बारिश का मौसम 3 जनवरी तक जारी रहने की उम्मीद है।

सामान्य से 4 डिग्री नीचे चल रहा पारा
दिल्ली में बीते 14 दिसंबर से भारी सर्दी का प्रकोप जारी है। रविवार सुबह यहां का औसत तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिल्ली- एनसीआर का पारा सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे चल रहा है। दिल्ली के आयानगर में पारा 2.5 डिग्री, लोधी रोड पर 2.8 डिग्री, पालम में 3.2 डिग्री और सफदरजंग इलाके में पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया।
हिमाचल, उत्तराखंड में बर्फबारी
मौसम विभाग का कहना है कि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड कई इलाकों में नए साल की पूर्व संध्या पर बर्फबारी होने की उम्मीद है। हिमाचल के मनाली, सोलन, सुंदरनगर और कालपा में तापमान शून्य डिग्री से नीचे चल रहा है। राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण सर्दी और शीतलहर के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित चल रहा है। राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में रविवार को चालू मौसम का सबसे कम तापमान रहा। माउंट आबू में न्यूनतम तापमान शून्य से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य की राजधानी जयपुर में 13 दिसंबर 1964 के बाद रविवार की सुबह न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रकॉर्ड हुआ।
श्रीनगर में बर्फ ही बर्फ
जम्मू कश्मीर की मशहूर डल झील के कई हिस्से बर्फ में बदल चुके हैं। रात के समय श्रीनगर का तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कश्मीर घाटी और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में तापमान बर्फ जमने के बिंदु से कई डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में शीत लहर जारी है। डल झील के अलावा कई जलधाराओं का भी यही हाल है। कई जगह पानी आपूर्ति लाइनों में पानी जम जाने की वजह से आपूर्ति प्रभावित हुई है। 31 दिसंबर से कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी शुरू हो सकती है।
बिहार में जारी ठिठुरन का प्रकोपः
बिहार के पटना सहित पूरे बिहार में ठंड कहर जारी है। बिहार के गया में रविवार को न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पछुआ हवा और कोहरे की वजह से ठिठुरन और बढ़ गई है। पटना में रविवार को न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर में 7.3 डिग्री और पूर्णिया में 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मसूरी-देहरादून में पर्यटकों का तांता
उत्तराखंड के कई शहरों में पर्यटकों का तांता शुरू हो गया है। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप साहनी के मुताबिक रविवार तक मसूरी के होटलों में 70 फीसदी तक बुकिंग हो चुकी है। वीकेंड पर अच्छी तादाद में पर्यटक मसूरी-देहरादून और दूसरे पर्यटक स्थ्लों पर पहुंच चुके हैं। मसूरी में छोटे-बड़े करीब 250 होटल हैं। माना जा रहा है कि नए साल पर पर्यटकों का जबरस्त तांता लगेगा।
हाल-बेहाल उत्तर प्रदेशः
बर्फीली हवाओं के कहर से उत्तर प्रदेश के हाल-बेहाल हैं। बीते चार दिनों में राज्य में 228 लोगों की जान जा चुकी है। रविवार को ही राज्य में 68 लोगों की मौत होने की सूचना है। इससे पहले शनिवार को 65, शुक्रवार को 48 और बृहस्पतिवार को 47 लोगों की ठंड के चलते जान जा चुकी है। सबसे ज्यादा मौत कानपुर शहर में हुई हैं। यहां ठंड के प्रकोप से 21 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। दूसरी ओर बुंदेलखंड व आसपास के इलाकों में 22 लोगों की मौत हुई है। ठंड की वजह से पूर्वांचल में आठ और अवध में 6 लोगों की मौत हुई है। अमरोहा में चार, अलीगढ़ व हाथरस में दो, रामपुर, मेरठ और मुजफ्फरनगर में ठंड की वजह से एक-एक व्यक्ति की जान जा चुकी है।
राज्य में सोनभद्र, हमीरपुर, फतेहपुर और औरैया सबसे ठंडे शहरों में शामिल रहे। बहराइच में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री रहा। यहां अधिकतम तापमान भी 10 से कम 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। उरई में भी अधिकतम तापमान 9 डिग्री तक रहा। रविवार को मेरठ, बांदा, उरई, कानपुर, झांसी, गाजीपुर, हरदोई, नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। जबकि सुल्तानपुर, गोरखपुर, वाराणसी, लखनऊ, फुर्सतगंज बरेली, झांसी, मेरठ, बस्ती, बलिया, चुर्क, कानपुर, इटावा, खीरी, हरदोई, शाहजहांपुर, नजीबाबाद, मुरादाबाद, हमीरपुर, आगरा में अधिकतम तापमान 10 से 14 डिग्री के बीच रहा। पूरे राज्य में न्यूनतम पारा सामान्य से दो से सात डिग्री तक कम दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान में यह गिरावट 6 से 13 डिग्री के बीच दर्ज की गई है। लखनऊ में न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री और अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री रहा।
कानपुर में टूटा 48 साल का रिकॉर्ड
उत्तर प्रदेश के कानपुर में इस सीजन में बीते 48 साल का रिकॉर्ड टूट गया। दिन में अधिकतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले 1971 में अधिकतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि न्यूनतम पारा एक दिन पहले की अपेक्षा दो डिग्री बढ़कर 4.6 डिग्री पर दर्ज किया गया। ठंड की मार से किसानों की चिंता बढ़ गई है। यदि बारिश होती है तो दलहनी व तिलहनी फसलों को इससे नुकसान हो सकता है।