CM ‘गुप्ता’ ने खींची ‘निर्णायक रेखा’… प्रवेश वाही होंगे दिल्ली के नये मेयर

-महिला शक्ति को वंदनः मोनिका पंत होंगी उप महापौर
-स्थायी समिति में जायेंगे जय भगवान यादव और मनीष चड्ढा

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 23 अप्रैल, 2026।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में चल रही ‘पॉवर पॉलिटिक्स’ में एक बार फिर से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने साबित कर दिया है कि प्रदेश नेतृत्व के मुकाबले वही सबसे ज्यादा ताकतवर हैं। पार्टी ने नामांकन के अंतिम दिन अपने मेयर, डिप्टी मेयर और स्थायी समिति के सदस्य पद हेतु उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
रोहिणी ई वार्ड 53 से निगम पार्षद प्रवेश वाही दिल्ली के नये महापौर होंगे। उनके साथ उप महापौर पद पर आनंद विहार वार्ड संख्या 206 से निगम पार्षद मोनिका पंत के नाम की घोषणा की गई है। स्थयी समिति के सदस्य पद के लिए बीजेपी ने बेगमपुर वार्ड संख्या 27 से निगम पार्षछ जय भगवान यादव और पाहाड़गंज वार्ड संख्या 82 से निगम पार्षद मनीष चड्ढा के नामों की घोषणा की है। इस घोषणा के बाद साबित हो गया है कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के मुकाबले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ज्यादा ताकतवर साबित हुई हैं।

पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रवेश वाही को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का समर्थन प्राप्त था जबकि वीरेंद्र सचदेवा राजा इकबाल सिंह को ही मेयर बनाये रखना चाहते थे। कहा जा रहा है कि दिल्ली से केंद्रीय मंत्री हर्ष मलहोत्रा संदीप कपूर को मेयर बनाना चाहते थे। परंतु दो दिन पूर्व उनकी अचानक तबियत ज्यादा खराब हो गई थी। जिसके चलते उनके नाम पर ज्यादा चर्चा नहीं हो सकी। जय भगवान यादव, योगेश वर्मा, योगिता सिंह और सत्या शर्मा को भी मेयर पद का मजबूत दावेदार माना जा रहा था। परंतु सीएम रेखा गुप्ता ‘शक्ति संतुलन’ स्थापित करने में कामयाब रहीं और आखिरकार पार्टी ने प्रवेश वाही को मेयर पद का प्रत्याशी घोषित कर दिया है।
हालांकि अब नेता सदन का पद खाली होने जा रहा है, ऐसे में बाकी बचे मजबूत दावेदारों में से किसी एक को नेता सदन का पद हासिल हो सकता है। बताया यह भी जा रहा है कि प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष को कहा गया है कि वह चाहें तो नेता सदन अपनी पसंद का बना सकते हैं।