‘‘उगअ हे सूरजदेव अरघ के बेरिया’’ के साथ छठ महापर्व संपन्न

-श्रद्धालुओं ने यमुना में लगाई आस्था की डुबकी, उगते सूर्य को दिया अर्घ्य

पूनम सिंह/नई दिल्ली
प्रकृति की पूजा व सूर्य देव की उपासना का छठ महापर्व उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हो गया। छठ व्रतियों ने सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर प्रसाद ग्रहण किया और चार दिन से चला आ रहा छठ माता की पूजा का यह पर्व पूरा हुआ। माताओं ने छठ मईया से जहां अपने बच्चों और परिवार की सुख-समृद्धि व लंबी आयु की कामना की। वहीं निःसंतान दंपत्तियों ने छठ मईया से संतान प्राप्ति की कामना की। दिल्ली, पटना, कोलकाता और देश के दूसरे बड़े शहरों के साथ बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के हिस्सों में रविवार को छठ महापर्व संपन्न हुआ। भगवान भाष्कर को अर्घ्य के साथ पूजा संपन्न कर श्रद्धालु गंगा, यमुना दूसरी नदियों और छठ घाटों से अपने घरों को लौट गए।

छठ पूजा के मौके पर श्रद्धालुओं के बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी दिल्ली के विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार की सांय युमना के बजरंगी घाट पर पहुंचे और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।

छठ घाट पर पूजा करते हुए मॉडल टाउन से आप विधायक अखिलेश त्रिपाठी

केजरीवाल ने रविवार की सुबह उगते हुए भगवान भाष्कर को अर्घ्य देकर छठी मैया का आशीर्वाद लिया और दिल्ली परिवार की कुशलता की कामना की। दूसरी ओर उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज के राजेंद्र पार्क में लोगों के साथ छठी मैया की पूजा की। मॉडल टाउन से आम आदमी पार्टी के विधायक अखिलेश त्रिपाठी ने लाल बाग के छठ घाट पर जाकर छठी मैया की पूजा-अर्चना की और भगवान भाष्कर को अर्घ्य दिया।

छठ पूजा के मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी के साथ केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी ने सोनिया विहार के करीब 6 किलोमीटर लंबे यमुना तट और केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर ने छठ पूजा से संबंधित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पूजा करने आए लाखों छठ व्रत धारियों की सहायता के लिए भाजपा द्वारा लगाये गये सेवा शिविर में तिवारी के साथ जिला अध्यक्ष अजय महावर ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष गौरव खारी, निगम पार्षद सुषमा मिश्रा, बीजेपी नेता आनंद त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष जेके शर्मा, अनूप पांडे सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मनोज तिवारी ने पार्टी के नेताओं के साथ मोटर वोट में बैठकर दूसरा पुस्ता सोनिया विहार से बुराड़ी तक करीब 7 किलोमीटर लंबे यमुना तट के किनारे भगवान भाष्कर की पूजा अर्चना कर रहे व्रत धारियों का अभिनंदन किया।
इस मौके पर मनोज तिवारी ने कहा कि सूर्योपासना का यह अनुपम लोकपर्व मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में मनाया जाता है। यह पूर्वांचलवासियों का सबसे बड़ा पर्व है, ये उनकी संस्कृति है। छठ पर्व बिहार में बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। ये एक मात्र ऐसा पर्व है जो वैदिक काल से चला आ रहा है। यह पर्व ऋग्वेद में सूर्य पूजन, उषा पूजन और आर्य परंपरा के अनुसार बिहार में मनाया जाता हैं।
मान्यता है कि त्रेता युग के राजा ऐल ने सूर्य मंदिर का निर्माण करा पवित्र सूर्य कुंड तालाब की स्थापना की थी। कथाओं के अनुसार राजा ऐल, कुष्ठ से पीड़ित थे और उस वक्त शिकार खेलते हुए देव के वन्य प्रांत में पहुंचे और रास्ता भटक गये। भूखे-प्यासे राजा को एक छोटा सा सरोवर दिखा, जैसे ही उसका पानी पिया उन्हें रोग से मुक्ति मिल गयी। इसके बाद स्वप्न में उन्हें भगवान ने दर्शन दिया और मंदिर का निर्माण करा सरोवर में दबी पड़ी भगवान भाष्कर की प्रतिमा को स्थापित करने को कहा। सुबह-सुबह राजा ने वही किया। मंदिर निर्माण का कार्य प्रारंभ करा दिया और फिर सूर्य कुंड तालाब की नींव रखी। मंदिर के निर्माण के संबंध में अलग-अलग कथाएं हैं और अलग-अलग मत भी हैं।

छठ पूजा के मौके पर श्रद्धालुओं के बीच दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विज़ेंद्र गुप्ता ने सुरज पार्क बादली, राजा विहार, सेक्टर-15, रजापुर गाँव , नाहरपुर गाँव के छठ घाटों पर छठ व्रतियों के बीच पहुंच कर छठ की पूजा अर्चना की। विज़ेंद्र गुप्ता ने छठ व्रतियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व अपने आप में ही एक विशेष आस्था का पर्व है। जिसमें छठ श्रद्धालुओं समाज के लिए सूर्य भगवान के अस्त एवं सूर्योदय पर जल अर्पण कर रिद्धि सिद्धि, सुख समृद्धि की कामना करते हैं। छठ मईया की असीम कृपा दिल्ली वासियों पर विशेष रूप से बरसेगी।

छठ पूजा के मौके पर कांग्रेस अभियान समिति अध्यक्ष कीर्ति आजाद, कांग्रेस नेता पूनम आजाद व अन्य

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अभियान समिति के चैयरमेन कीर्ति आजाद का दिल्ली के पूर्वाचंलियों ने छठ घाटों का दौरा करते समय उनका भव्य स्वागत किया। कीर्ति आजाद ने पूर्वाचंली श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा कि जहां कहीं भी पूर्चाचंल के लोग जाते हैं, वे अपनी संस्कृति, धरोहर और रीति-रिवाज को हमेशा अपने साथ लेकर चलते हैं। उन्होंने केन्द्र की भाजपा सरकार, आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार और दिल्ली में निगमों की सरकार से प्रश्न किया कि यमुना नदी का रख रखाव बदहाल क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार भगवान सूर्य के अपूर्ण दर्शन के लिए जिम्मेदार है, क्योंकि राजधानी में भीषण प्रदूषण के कारण वातावरण में जहरीला धुआं छाया हुआ है।

पुल प्रहलाद पुर में छठ घाट का उद्घाटन करते दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी व प्रदेश भाजपा मंत्री विक्रम बिधुड़ी

दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने तुगलकाबाद विधान सभा स्थित पुल प्रहलादपुर में दिल्ली विकास प्राधिकरण द्वारा नवनिर्मित पक्के छठ घाट का शुक्रवार को विधिवत रूप से उद्घाटन किया। उन्होंने चंदनहोला, पुल प्रहलादपुर, रेलवे कालोनी, संगम विहार आदि कालोनियों के छठ घाटों पर जाकर छठ व्रतियों के साथ जूजा-अर्चना में हिस्सा लेकर छठ मैया का आशीर्वाद लिया। बिधूड़ी ने कहा कि पूर्वांचल समाज के धार्मिक और सांस्कृतिक लोकपर्व छठ पूजा से पहले यह कार्य कराना अति आवश्यक था। दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र में पूर्वांचल के भाई-बहनों की आस्था के इस पर्व पर मुझे सम्मिलित होने का अवसर प्राप्त होता है। जिसमें पूर्वांचल समाज के लोगों के सेवा-भाव, भक्ति-भाव और उनकी संस्कृति का भव्य दर्शन देखने को मिलता है। इस दौरान उनको जो असुविधाएं, समस्याएं होती हैं उन्हें भी भली-भॉंति समझने व देखने को मिलती है। जैसें पूर्वांचल के भाई-बहनों को छठ पूजा पर्व मनाने के लिए स्थान की अनुपलब्धता के चलते उचित स्थान की व्यवस्था करनी पड़ती है। पूर्वांचल समाज की आस्था को महत्व देते हुए दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे ही और छठ घाट बनाने का कार्य प्रगति पर है। इससे पहले वर्ष 2018 तक दक्षिणी दिल्ली क्षेत्र में 17 छठ घाटों का निर्माण किया जा चुका है।

दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने छठ पूजा के मौके पर दक्षिणी दिल्ली के विभिन्न घाटों का दौरा किया

बिधूड़ी ने दिल्ली सरकार के मुखिया केजरीवाल द्वारा पूर्वांचल के लोगों की भावनाओं को ठेस पहॅुंचाने वाले बयान पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल कहते हैं कि ‘दिल्ली के बाहर से लोग 500 रूपये का टिकट लेकर दिल्ली आते हैं और 5 लाख का मुफ्त इलाज करा लेते हैं’। केजरीवाल जी को किसी गरीब बीमार व्यक्ति को 5 लाख रूपये का इलाज भारी लगता है। यही कारण है कि पूर्वांचल समाज के लोगों के विषय में इस प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी की थी। जबकि प्रधानमंत्री जी ने आयुष्मान योजना के तहत गरीबों को 5 लाख तक के इलाज की सुविधा मुफ्त दी है। जिसे केजरीवाल ने दिल्ली में लागू होने नहीं दिया। इस मौके पर दिल्ली विकास प्राधिकरण अधिकारियों सहित दिल्ली प्रदेश भाजपा मंत्री विक्रम बिधूड़ी, पूर्व निगम पार्षद राजपाल पोसवाल, निगम पार्षद प्रहलादपुर सन्जू रानी, छठ पूजा समिति के पदाधिकारी व पूर्वांचल समाज के लोग उपस्थित थे।