BWF विश्व चैंपियनशिपः इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम चैंपियनशिप के लिए तैयार

-17 वर्ष बाद भारत में हो रहा बीडब्लूएफ विश्व चैंपियनशिप का आयोजन

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 15 अगस्त।
बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 के शुरू होने में 48 घंटे से भी कम समय शेष है। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। शनिवार को चीनी दल समेत दुनिया की शीर्ष टीमों ने यहां अभ्यास किया और स्टेडियम को खिलाड़ियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 17 साल के अंतराल के बाद भारत लौट रही है। दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी इस प्रतिष्ठित खिताब पर कब्जा जमाने के लिए तैयार हैं। भारत ओपन के विपरीत, जहां आमतौर पर मुकाबले मंगलवार से शुरू होते हैं, विश्व चैंपियनशिप की शुरुआत सोमवार से होगी। पहले दिन पुरुष और महिला एकल ड्रॉ के ऊपरी हिस्से के मुकाबले खेले जाएंगे।
चीन की विश्व नंबर तीन खिलाड़ी वांग झी यी ने अभ्यास के बाद कहा, “मुझे लगता है कि स्टेडियम में काफी बदलाव हुआ है, जो बहुत अच्छी बात है। मैंने अभी अपना अभ्यास खत्म किया है। कोर्ट पर थोड़ी हवा महसूस हुई, इसलिए हमें परिस्थितियों के अनुकूल खुद को ढालना होगा।”
वांग झी यी के प्री-क्वार्टर फाइनल में पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधु से भिड़ने की संभावना है।
शनिवार को मुख्य हॉल में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों ने बताया कि सभी कोर्ट पर हल्का साइड ड्रिफ्ट महसूस हो रहा था। खिलाड़ियों ने परिस्थितियों को समझने और उसके अनुसार अपने खेल में आवश्यक बदलाव करने पर ध्यान दिया।
इस साल की शुरुआत में भारत ओपन के दौरान खिलाड़ियों ने स्टेडियम की परिस्थितियों को लेकर कुछ चिंताएं जताई थीं। भारत ओपन को विश्व चैंपियनशिप से पहले टेस्ट इवेंट के तौर पर आयोजित किया गया था। इसके बाद बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) और स्टेडियम की मालिक स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) ने तुरंत कदम उठाए और स्टेडियम के नवीनीकरण पर 20 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए।
महिला एकल में चीन की 15 साल से चले आ रहे स्वर्ण पदक के सूखे को खत्म करने की उम्मीदें 2020 ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता चेन यूफेई और विश्व नंबर पांच हान यू पर भी टिकी होंगी।
टीम अभ्यास के बाद चेन यूफेई ने कहा, “पिछली बार जब हमने यहां खेला था, उसकी तुलना में परिस्थितियां काफी अच्छी हैं। मैं मौसम के अनुकूल खुद को ढाल रही हूं। इसके अलावा मेरा पूरा ध्यान टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है।”
खिलाड़ियों की सुविधा के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने एक प्लेयर लाउंज भी तैयार किया है, जहां चैबीसों घंटे भोजन उपलब्ध रहेगा। महिला खिलाड़ियों की सुविधा के लिए यहां सैनिटरी पैड मशीन की भी व्यवस्था की गई है।