-करीब 70 हजार बूथ प्रमुखों का होगा सम्मेलन
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 13 सितंबर, 2022।
दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी चुनावी मोड में आती दिखाई दे रही है। दिसंबर में दिल्ली नगर निगम के चुनावों की संभावनाओं के बीच पार्टी ने अपनी चुनावी मुहिम को तेज कर दिया है। आने वाले 16 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय रामलीला मैदान से चुनावी बिगुल फूंकेंगे। इस जनसभा में सामान्य कार्यकर्ताओं के बजाय दिल्ली के करीब 70 हजार बूथ प्रमुखों को जुटाया जायेगा।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक भारतीय जनता पार्टी ने 2024 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए बूथ प्रमुखों को जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस बूथ प्रमुखों के इस तरह के बड़े कार्यक्रम दिल्ली विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव से पहले भी हो चुके हैं। पंच परमेश्वर और पन्ना प्रमुखों के नाम से इस तरह के कार्यक्रम पूर्व में आयोजित किये जा चुके हैं।
पार्टी की इस मुहिम को नगर निगम के चुनावों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि अभी असली लक्ष्य 2024 का लोकसभा चुनाव ही है। बीजेपी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि फिलहाल पार्टी ने ऐसे बूथों को चिन्हित किया है, जिनके ऊपर पार्टी पिछले चुनाव बेहद कम अंतर से हारी है। ऐसे बूथों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है और इसकी तैयारी के पश्चात 16 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उन्हें संबोधित करेंगे।
17 सितंबर से सेवा पखवाड़ा
भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से महात्मा गांधी के जन्म दिवस 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाने का कार्यक्रम तय किया है। इस दौरान 15 दिन तक मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं को घर-घर पहुंचाने और इस दौरान विभिन्न प्रकार की सेवाओं से संबंधित काम किये जायेंगे। रक्त दान शिविर आदि लगाये जायेंगे। विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। माना जा रहा है कि इससे एक ओर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा तो दूसरी ओर इसे चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।