भारतीय सेना और गंगा इंटरनेशनल स्कूल के बीच समझौता, सैनिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा

-सैनिकों एवं शहीदों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा और विशेष छात्रवृत्ति: डॉ. सुशील गुप्ता

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 20 नवंबर।
देश की सीमाओं की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान के सम्मान तथा उनके परिवारों के उज्ज्वल भविष्य को सशक्त बनाने की दिशा में गंगा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने एक सराहनीय पहल की है। संस्थान के संस्थापक चेयरमैन डॉ. सुशील गुप्ता के दूरदर्शी नेतृत्व में गंगा इंटरनेशनल स्कूल, हिरण कुदना, दिल्ली और भारतीय सेना के बीच एक महत्वपूर्ण गठबंधन ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। जिसके तहत सैनिकों एवं शहीदों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क शिक्षा और विशेष छात्रवृत्ति प्रदान करना है। दूसरा सैनिक परिवारों के बच्चों को किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी शामिल है। यह गठबंधन भारतीय सेना की ओर से रक्षा मंत्रालय के एकीकृत मुख्यालय (सेना), एडजुटेंट जनरल शाखा के सेरेमोनियल एवं वेलफेयर निदेशालय तथा गंगा इंटरनेशनल स्कूल के बीच संपन्न हुआ।
गठबंधन पर संस्थान के संस्थापक चेयरमैन डॉ. सुशील गुप्ता और ब्रिगेडियर राज कुमार ने औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री स्वाति जोशी तथा निदेशक अमन अग्रवाल उपस्थित रहे। गठबंधन का मुख्य उद्देश्य सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, दिव्यांग सैनिकों, वीर नारियों और शहीद सैनिकों के बच्चों को किफायती दरों पर उच्च गुणवत्ता वाली स्कूली शिक्षा प्रदान करना है। ब्रिगेडियर राज कुमार ने शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में विद्यालय के दृष्टिकोण और प्रयासों की सराहना की।
इस गठबंधन के अंतर्गत शहीद सैनिकों के बच्चों के लिए 10 पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा सीटें निर्धारित की गई हैं। भारतीय सेना के पात्र परिवारों के शुरुआती 250 विद्यार्थियों को 60 प्रतिशत तक की विशेष छात्रवृत्ति मिलेगी। वहीं, डे-स्कॉलर विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक कक्षा में पाँच सीटें आरक्षित की गई हैं। यह गठबंधन शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 2031-32 तक पाँच वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे निर्धारित अवधि के बाद आपसी समीक्षा के आधार पर नवीनीकृत किया जा सकेगा। इसका उद्देश्य सैनिक परिवारों के बच्चों के लिए स्कूली शिक्षा के साथ-साथ उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के अवसर भी सुलभ बनाना है।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा, भारतीय सेना के जवान अदम्य साहस, निष्ठा और समर्पण के साथ देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। उनके त्याग और बलिदान के प्रति सच्चा सम्मान उनके परिवारों एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करने में निहित है। यह गठबंधन हमारे सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रीय जिम्मेदारी की भावना का प्रतीक है।