पंजाबी-मुस्लिम पर AAP का दांवः शैली ओबरॉय होंगी दिल्ली की मेयर… डिप्टी मेयर होंगे आले इकबाल

-सारिका चौधरी, रमिंदर कौर, आमिल मलिक और मोहिनी जीनवाल बनेंगे स्टेंटिंग कमेटी के सदस्य

जे.के. शुक्ला/ नई दिल्लीः 23 दिसंबर, 2022।
दिल्ली की नई मेयर शैली ओबरॉय होंगी और डिप्टी मेयर का ताज मो. आले इकबाल के सिर पर सजेगा। आम आदमी पार्टी की आम आदमी पार्टी की पार्लियामेंट्री अफेयर्स कमेटी की बैठक में यह फैसला हुआ है। पार्टी की ओर से घोषणा की गई है कि स्टेंडिंग कमेटी के सदस्यों के रूप में सारिका चौधरी, रमिंदर कौर, मो. आमिल मलिक और मोहिनी जीनवाल के नामों पर ठप्पा लगाया गया है। आम आदमी पार्टी ने इसकी घोषणा शुक्रवार को की है। बता दें कि 27 दिसंबर तक मेयर, डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों के लिए नामांकन दाखिल किये जाने हैं। 6 जनवरी को दिल्ली नगर निगम की बैठक बुलाई गई है, जिसमें मेयर व अन्य पदों के चुनाव होंगे।

यहां देखें वीडियो

बता दें कि आम आदमी पार्टी ने पंजाबी और मुस्लिम पर बड़ा दांव खेला है। पंजाबी समुदाय से आने वाली शैली ओबरॉय पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 86 ईस्ट पटेल नगर से चुनकर आई हैं। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी भारतीय जनता पार्टी की दीपाली कपूर को महज 269 वोट से मात दी थी। गौरतलब है कि आप के नगर निगम प्रभारी दुर्गेश पाठक राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के विधायक हैं और माना जा रहा है कि शैली ओबरॉय को उन्ही की सिफारिश पर मेयर बनाने का फैसला लिया गया है।
गौरतलब है कि पुरानी दिल्ली को छोड़कर आम आदमी पार्टी को दूसरे इलाकों की मुस्लिम बहुलता वाली सीटों पर नगर निगम चुनाव में करारी हाल मिली है। ऐसे में नवगठित नगर निगम में पहले डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी आप ने मो. आले इकबाल को दी है। आले इकबाल वार्ड संख्या 76 चांदनी महल से दोबारा चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को 17134 वोट से हराया है। फिलहाल मुस्लिम वर्ग में अपनी साख बनाये रखने के लिए आम आदमी पार्टी ने उनके ऊपर दांव लगाया है।
आम आदमी पार्टी ने मुस्लिम वर्ग से ही दूसरा चेहरा मो. आमिल मलिक के रूप में दिया है। आमिल करावल नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड संख्या 246 श्रीराम कालोनी से चुनकर आये हैं। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार प्रमोद झा को 7492 वोट से हराया है। आम आदमी पार्टी ने आमिल को हाउस के जरिये स्टेंडिंग कमेटी में भेजने का फैसला किया है। आमिल के साथ स्टेंडिंग कमेटी में जाने वाली मोहिनी जीनवाल दोबारा पार्षद बनी हैं। उन्होंने वार्ड संख्या 218 सुंदर नगरी से अपने नजदीकी प्रतिद्वंदी बीजेपी की रेनू को 10403 वोट से हराया था।
दरिया गंज वार्ड संख्या 142 से निगम पार्षद चुनकर आईं सारिका चौधरी को भी आप ने स्टेंडिंग कमेटी में भेजने का फैसला किया है। सारिका ने निगम चुनाव में कांग्रेस के दिग्गज नेता फरहाद सूरी को 142 वोट से हराया था। सारिका दिल्ली महिला आयोग की सदस्य भी रह चुकी हैं। उनके साथ फतेह नगर वार्ड संख्या 100 से चुनाव जीतकर निगम पार्षद बनी रमिंदर कौर को भी आप ने स्टेंडिंग कमेटी में भेजने का फैसला किया है। रमिंदर कौर पूर्व विधायक जगदीप सिंह की पत्नी हैं और उन्होंने बीजेपी की इंद्रजीत कौर को 844 वोट से हराया है।
स्टेंडिंग कमेटी के लिए होना है 6 सदस्यों का चुनाव
6 जनवरी 2023 को होने जा रही दिल्ली नगर निगम की आम सभा में स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव होना है। सदन में सदस्यों के हिसाब से बहुमत के आधार पर आम आदमी पार्टी 3 और भारतीय जनता पार्टी 2 सदस्यों को चुनकर भेज सकती है। छठे सदस्य के लिए बीजेपी, आप और कांगेस में से किसी के पास भी बहुमत नहीं है। हालांकि बीजेपी के मुकाबले मतों की संख्या ज्यादा होने की वजह से आप अपना चौथा सदस्य भी स्टेंडिंग कमेटी के लिए चुनकर भेज सकती है।