डेढ़ दर्जन सीट पर बदलेंगे ‘आप’ उम्मीदवार!

-राघव चड्ढा, दिलीप पांडे और आतिशी लड़ेंगे चुनाव!
-एंटी इनकमबेंसी घटाने के लिए बदलेंगे ‘आप’ के चेहरे

हीरेन्द्र सिंह राठौड/ नई दिल्ली
दिल्ली की सत्ता में काबिज आम आदमी पार्टी आने वाले विधानसभा चुनाव में राजधानी की करीब डेढ़ दर्जन सीट पर अपने उम्मीदवार बदलने जा रही है। पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके तीन नेताओं को भी इस बार विधानसभा चुनाव के जरिए अडजस्ट करने पर विचार किया जा रहा है। पार्टी से जुड़े सूत्रों की मानें तो अपने विधायकों के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी को कम करने के लिए इतने बड़े स्तर पर फेरबदल की तैयारी की जा रही है। बिजवासन, गांधी नगर और करावल नगर सीटों पर तो पहले से ही आप विधायक पार्टी छोड़कर जा चुके हैं। लोकसभा चुनाव लड़ चुके राघव चड्ढा को कालकाजी, दिलीप पांडे को तिमारपुर और आतिशी को गांधी नगर या शालीमार बाग से विधानसभा चुनाव में उतारा जा सकता है।
आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक पंकज पुष्कर का टिकट कटना तय है। यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी दिलीप पांडे चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। सुलतानपुर माजरा सीट ‘राशन कार्ड बनाने’ के नाम से मशहूर आप विधायक संदीप कुमार का टिकट काटा जा रहा है। मुंडका सीट से विधायक सुखवीर िंसंह का टिकट भी अभी सुरक्षित नहीं बताया जा रहा। शालीमार बाग सीट से बंदना कुमारी का टिकट कट सकता है। यहां से पार्टी की वरिष्ठ नेता आतिशी चुनाव लड़ सकती हैं।
फर्जी डिग्री विवाद में फंसे रहे जितेंद्र सिंह तोमर के मामले में भी कुछ इसी तरह की बात कही जा रही है। पार्टी को त्रिनगर विधानसभा सीट पर फ्रैश उम्मीदवार की तलाश है। जबकि चांदनी चौक सीट से अलका लांबा पहले ही आम आदमी पार्टी छोड़कर कांग्रेश में शामिल हो चुकी हैं। आम आदमी पार्टी इस सीट से पूर्व विधायक प्रहलाद सिंह साहनी को अपना चेहरा बना सकती है। मटिया महल सीट से असीम अहमद खान से मंत्रालय तो पहले ही छीना जा चुका है। यहां से आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार बदलने पर भी विचार कर सकती है।
पटेल नगर सीट से विधायक हजारीलाल चौहान की सीट भी खतरे में बताई जा रही है। सूत्रों की मानें तो यहां आप के शीर्ष नेताओं की ओर से राजकुमार आनंद को भी चुनाव की तैयारी करने के लिए कहा गया है। राजकुमार पूर्व विधायक वीना आनंद के पति और बड़े करोबारी हैं। बिजवासन सीट कर्नल देविंदर सहरावत के पार्टी छोड़ने की वजह से खाली हुई है। यहां से वरिष्ठ अधिवक्ता बीएस जून को आम आदमी पार्टी अपना चेहरा बनाने की तैयारी में है। पालम सीट से अभी भावना गौर विधायक हैं। भावना का टिकट भी अभी खतरे में बताया जा रहा है। यहां से पूर्व सैनिक विरेंद्र कादियान और कारोबार वीरेंद्र गर्ग पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे हैं।
देवली सीट से आप विधायक प्रकाश जारवाल के टिकट पर भी खतरा बताया जा रहा है। इस सीट पर पार्टी के कई दूसरे नेताओं की दावेदारी से पार्टी में टिकट कटने की चर्चा जोरों पर है। कालकाजी सीट से अवतार सिंह कालका का टिकट काटा जा सकता है। यहां से पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी अपना चेहरा बना सकती है। गांधी नगर और करावल नगर सीट भी आप विधायकों के पार्टी छोड़ने की वजह से खाली हुई हैं। करावल नगर सीट से आम आदमी पार्टी दुर्गेश पाठक को अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है। दूसरी ओर रोहताश नगर सीट से सरिता सिंह की जगह किसी अन्य उम्मीवार को उतारने पर भी पार्टी में विचार किया जा रहा है।