-30 नवंबर को मुंबई में होगील खिलाड़ियों की नीलामी
-छह फ्रेंचाइजी, 86 दिग्गज पहलवान और 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता होंगे शामिल
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 26 नवंबर।
प्रो रेसलिंग लीग (पीडब्ल्यूएल) के छठे सत्र का आयोजन 3 से 19 जनवरी 2027 तक दिल्ली में किया जाएगा। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के तत्वावधान में होने वाली इस लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर 2026 को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होगी। लीग के आयोजकों ने मंगलवार को संशोधित कार्यक्रम की घोषणा की।
छठे सत्र के मुकाबले दिल्ली के केडी जाधव कुश्ती स्टेडियम में खेले जाएंगे, जहां छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी। अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के कैलेंडर में बदलाव के कारण लीग की तारीखों में संशोधन किया गया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कार्यक्रम के साथ तालमेल बना रहे और देश-विदेश के शीर्ष पहलवान इसमें हिस्सा ले सकें।
30 नवंबर को होने वाली नीलामी में ओलंपिक पदक विजेताओं, विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेताओं और भारत सहित दुनिया के कई शीर्ष पहलवानों पर बोली लगेगी। सभी छह फ्रेंचाइजी अपनी टीमों को मजबूत बनाने के लिए खिलाड़ियों का चयन करेंगी।
पिछली नीलामी में जापान की दिग्गज पहलवान युई सुसाकी सबसे महंगी खिलाड़ी रही थीं। उन्हें 60 लाख रुपये की रिकॉर्ड बोली के साथ खरीदा गया था। यह प्रो रेसलिंग लीग के इतिहास में किसी खिलाड़ी के लिए लगी सबसे बड़ी बोली थी। भारतीय पहलवानों में अमन सहरावत, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल सबसे अधिक मांग वाले खिलाड़ी रहे थे। तीनों को 50 लाख रुपये से अधिक की कीमत मिली थी।
प्रो रेसलिंग लीग के चेयरमैन दयान फारूकी ने कहा कि लीग का कार्यक्रम हमेशा अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कैलेंडर के अनुरूप रखा जाता है। यूडब्ल्यूडब्ल्यू के कैलेंडर में बदलाव के बाद छठे सत्र की तारीखें 3 से 19 जनवरी 2027 तय की गई हैं।
उन्होंने कहा कि नीलामी में दुनिया के शीर्ष पहलवानों और भारत के प्रमुख सितारों के शामिल होने से प्रतिस्पर्धा का स्तर ऊंचा होगा। लीग का उद्देश्य पहलवानों को बेहतरीन मंच उपलब्ध कराने के साथ दर्शकों को विश्वस्तरीय कुश्ती का अनुभव देना है।
लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा कि छठे सत्र में 86 शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं। दुनिया के दिग्गज पहलवानों की भागीदारी से भारतीय पेशेवर कुश्ती को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दर्शकों को रोमांचक मुकाबले, कड़ी प्रतिद्वंद्विता और विश्वस्तरीय कुश्ती देखने को मिलेगी।
छठे सत्र में छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए भिड़ेंगी। इनमें टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स शामिल हैं।
लीग में पुरुष और महिला वर्ग के कुल 86 पहलवान हिस्सा लेंगे। इनमें 34 ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता शामिल हैं। जापान की ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी के भी प्रतियोगिता में भाग लेने की उम्मीद है। मुकाबले नौ ओलंपिक भार वर्गों में होंगे। पुरुष वर्ग में 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम, जबकि महिला वर्ग में 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम भार वर्ग शामिल हैं।
लीग में दो राउंड के तीन-तीन मिनट (2×3 मिनट) का मुकाबला प्रारूप जारी रहेगा। इसमें श्पावर मिनटश् भी होगा, जिसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में हासिल किए गए सभी अंक दोगुने माने जाएंगे। इससे मुकाबलों के अंतिम क्षणों में रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है। पांचवें सत्र के फाइनल में गत चैंपियन हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से हराकर खिताब जीता था। अब छठे सत्र में एक बार फिर भारतीय कुश्ती के शीर्ष पहलवानों के बीच कड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे।


