-अनुकंपा के आधार पर एमटीएस (इंजीनियरिंग) पद होगी नियुक्ति
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 24 नवंबर।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने दिल्ली नगर निगम में कार्यरत दिवंगत कर्मचारियों के 65 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (इंजीनियरिंग विभाग) के पद पर नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान की है। प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ा है। जिन कर्मचारियों ने दिल्ली की सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया, उनके परिवारों की देखभाल करना निगम का नैतिक कर्तव्य है। अनुकंपा के आधार पर यह नियुक्ति दिवंगत कर्मचारी के परिवार के प्रति निगम का सम्मान और जिम्मेदारी है।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि इन 65 आश्रितों की नियुक्ति से न केवल उनके परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, बल्कि इंजीनियरिंग विभाग में कर्मचारियों की कमी भी दूर होगी। एमटीएस के रूप में ये सभी कर्मचारी सड़कों, नालों, भवनों और जन सुविधाओं के रख-रखाव जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में योगदान देंगे।
प्रवेश वाही ने आगे कहा कि निगम प्रशासन द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पात्रता की जांच के बाद इन 65 मामलों को स्वीकृति दी गई है। शेष पात्र मामलों का भी नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।


