वर्ल्ड सीनियर चैंपियनशिप का ब्रोंज मेडल लेकर भारत वापस लौटे राजीव शर्मा

-विश्व चैंपियन राजीव शर्मा ने एक बार फिर विश्व पटल पर भारत का नाम किया रौशन

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 23 नवंबर 2026।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एवं सीनियर प्रतिस्पर्धा में पूर्व विश्व चैंपियन राजीव शर्मा ने एक बार फिर विश्व पटल पर भारत का नाम रौशन किया है। उन्होंने दक्षिण कोरिया के ग्वांगजू में आयोजित ‘विक्टर बैडमिंटन एसिया सीनियर चैंपियनशिप-2026’ में 55प्लस वर्ग में कांस्य पदक जीतकर एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि अपने नाम की है।
16 से 22 नवंबर तक दक्षिण कोरिया में आयोजित इस प्रतियोगिता में एशिया और ओशिनिया के विभिन्न देशों के वरिष्ठ बैडमिंटन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में राजीव शर्मा का मुकाबला इंडोनेशिया के खिलाड़ी मेड चांदरा बराटा से हुआ। कड़े मुकाबले में राजीव शर्मा को 20-22, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा और इस बार उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले वर्ष 2023 में दक्षिण कोरिया में आयोजित वर्ल्ड सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल 55प्लस वर्ग में राजीव शर्मा ने विश्व चैंपियन का खिताब अपने नाम किया था। वर्ष 2023 में विश्व चैंपियन बनने के बाद एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना राजीव शर्मा की मेहनत, लगन, अनुभव और बैडमिंटन के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
फेडरेशन आद सदर बाजार ट्रेड्स एसोसिएशन के महासचिव एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता राजेंद्र शर्मा ने राजीव शर्मा की इस कामयाबी पर अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने कहा कि राजीव शर्मा की लगन और मेहनत से केवल वरिष्ठ जनों को ही नहीं बल्कि युवा पीढ़ी को भी सीख लेनी चाहिए कि उम्र केवल आंकड़ों का खेल नहीं बल्कि मेहनत और लगन हो तो कोई भी व्यक्ति किसी भी उम्र में सफलता की सीढ़ियां चढ़ सकता है।