15 राज्यों में भारी बारिश-तूफान का अलर्ट, दिल्ली-यूपी में बढ़ेगी ठंड

-दिल्ली-एनसीआर में गिरेगा पारा, वायु प्रदूषण में आ सकती है गिरावट

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 19 नवंबर।
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने देश के करीब 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश की वजह से पारा गिरने के साथ ही वायु प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आ सकती है। हालंाकि तेज हवाओं के साथ घरे कोहरे का दायरा भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के द्वारा गुरूवार 19 नवंबर को झारखंड, बिहार, ओडिशा समेत देश के 15 राज्यों में भारी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान कुछ इलाकों में हवा की गति 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, समुद्री तूफान के प्रभाव से तटीय राज्यों में मौसम और बिगड़ने की आशंका है।
बता दें कि मौसम विभाग ने गुरूवार को झारखंड, बिहार, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में बारिश और आंधी की संभावना जताई है। झारखंड के रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और रामगढ़ समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
बिहार में पटना, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, पूर्णिया, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी और किशनगंज सहित कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वहीं, आंध्र प्रदेश में चक्रवाती तूफान का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठंड की रफ्तार
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में 19 नवंबर को ठंड और घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और जौनपुर समेत कई जिलों के लिए मौसम खराब रहने की चेतावनी दी गई है। पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में भी घने कोहरे और ठंड का असर बढ़ सकता है।
पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने से पहले रहें सतर्क
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में ठंड और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़, चंपावत और पौड़ी गढ़वाल में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, किन्नौर, कांगड़ा, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी और खराब मौसम की आशंका जताई गई है।