मध्य प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं: डॉ. मोहन यादव

-मध्य प्रदेश सरकार ने किया MP ट्रेवल मार्ट-2026 का आयोजन

विजय कुमार/ भोपाल: 24 अक्टूबर!
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध वन्यजीव संपदा, ऐतिहासिक विरासत और आध्यात्मिक स्थलों के कारण पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार पारदर्शी नीतियों, त्वरित स्वीकृतियों और सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
एमपी ट्रैवल मार्ट 2026 के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन निवेशकों, हॉस्पिटैलिटी समूहों और अन्य हितधारकों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन बैठकों का उद्देश्य निजी निवेश को प्रोत्साहित करना और प्रदेश में पर्यटन संबंधी बुनियादी ढांचे के विकास को गति देना था। इस दौरान पर्यटन अवसंरचना, विरासत संरक्षण, कौशल विकास और फिल्म पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा निवेशकों को लेटर ऑफ अवार्ड (एलओए) भी प्रदान किए गए।