-केन्या की लावेंडा ओडियाम्बो और स्कॉटलैंड के ब्रार ने 25-25 अंक जुटाए, युगांडा ने भी दर्ज की बड़ी जीत
एसएस ब्यूरो/ अहमदाबाद, 23 अक्टूबर।
वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप का आगाज छह एकतरफा मुकाबलों के साथ हुआ। केन्या और श्रीलंका की पुरुष एवं महिला टीमों ने अपने-अपने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की, जबकि युगांडा और स्कॉटलैंड ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत से शुरुआत की!
पुरुष वर्ग में केन्या ने कप्तान जेम्स कमवेती के 19 रेड अंकों की बदौलत सिंगापुर को 48-28 से हराया। स्टीफन अडोंगो ने सात और सैमुअल वाफुला ने आठ अंक जुटाए। वाफुला के आठ अंकों में चार अंक टैकल से आए। केन्या ने रेड में 32-20 और टैकल में 12-6 की बढ़त बनाई। टीम ने चार बार सिंगापुर को ऑलआउट किया, जबकि खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुई। सिंगापुर की ओर से मुहम्मद ऐडिल मुतालिब ने नौ रेड अंक हासिल किए।
श्रीलंका ने तंजानिया को 48-21 से शिकस्त दी। श्रीलंका के मिलिंदा चतुरंगा और विदुरंगा ने क्रमशः 11 और 10 अंक जुटाए। चतुरंगा ने 17 रेड में 11 अंक हासिल किए। श्रीलंका ने रेड में 25-9 की बढ़त बनाई और तंजानिया को छह बार ऑलआउट किया। संथुष्ट ने टैकल से पांच अंक जुटाए। तंजानिया की ओर से हफिधी अली, कप्तान मसूदी ओमारी और इब्राहिम मशाका ने चार-चार टैकल अंक हासिल किए, जबकि जुमा सुल्तानिया ने सात रेड अंक बनाए। हालांकि, 17 असफल रेड तंजानिया पर भारी पड़ीं।
स्कॉटलैंड ने ऑस्ट्रेलिया को 59-30 से हराकर दिन की सबसे प्रभावशाली जीत में से एक दर्ज की। स्कॉटलैंड के ब्रार ने 25 अंक जुटाए, जिनमें 23 रेड अंक शामिल थे। उन्होंने 23 रेड कीं और एक भी रेड असफल नहीं रही। कप्तान रयान मैकगैलागली ने 12 और रेमी फ्रियल ने पांच अंक जोड़े। स्कॉटलैंड ने रेड में 40-25 और टैकल में 8-1 की बढ़त बनाई तथा ऑलआउट के मामले में ऑस्ट्रेलिया को 8-2 से पीछे छोड़ा। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जस्मीत ग्रेवाल ने केवल तीन रेड में आठ अंक जुटाए, जबकि दिवजोत सिंह और कुलदीप सिंह ने चार-चार अंक हासिल किए।
महिला वर्ग में युगांडा, केन्या और श्रीलंका का दमदार प्रदर्शन
महिला वर्ग में युगांडा ने सिंगापुर को 61-12 से रौंदकर शानदार शुरुआत की। युगांडा ने 33 रेड और 16 टैकल अंक हासिल किए तथा सिंगापुर को 10 बार ऑलआउट किया। युगांडा की नाकायोंगो शिरात, अडेमुन लूसी और कप्तान नालुबेगा ओलिविया ने आठ-आठ अंक जुटाए, जबकि नायिगा मावांडा ने सात अंक बनाए। सिंगापुर की कप्तान आनंदराजन सिंदिनी ने छह अंक हासिल किए। सिंगापुर को रेड से केवल 10 और टैकल से दो अंक मिले। उसके लिए अर्थी सेल्वन ने रेड में चार अंक जुटाए।
केन्या की महिलाओं ने बांग्लादेश को 34-25 से हराया। केन्या की लावेंडा ओडियाम्बो ने 23 रेड में 25 अंक जुटाकर मुकाबले में अपना दबदबा कायम किया। उन्होंने टीम के कुल 26 रेड अंकों में से 25 अंक हासिल किए। बांग्लादेश की ओर से श्राबोनी मोलिक और अंजुआरा रात्रि ने सात-सात, जबकि बृष्टि बिस्वास ने पांच अंक बनाए। केन्या ने बांग्लादेश को चार के मुकाबले दो बार ऑलआउट किया और टैकल अंकों में भी 2-1 से बढ़त बनाकर जीत सुनिश्चित की।
दिन के अंतिम मुकाबले में श्रीलंका की महिलाओं ने स्कॉटलैंड को 53-10 से करारी शिकस्त दी। श्रीलंका ने 22 रेड और 20 टैकल अंक जुटाए तथा स्कॉटलैंड को 10 बार ऑलआउट किया। श्रीलंका की कप्तान हंसामाली ने टैकल से छह अंक हासिल किए, जबकि मधुशानी ने पांच अंक जोड़े। स्कॉटलैंड की टीम टैकल से एक भी अंक नहीं जुटा सकी। हालांकि, रोवेन स्ट्रेचन ने पांच रेड अंक बनाकर टीम का स्कोर बढ़ाने का प्रयास किया।


