बुजुर्गों की सेहत से समझौता नहीं, सम्मान भी जरूरी : विजेंद्र गुप्ता

-प्रशांत विहार में कैंसर स्क्रीनिंग शिविर और वरिष्ठ नागरिक उत्सव; दादा-दादी व पोते-पोतियों की नृत्य प्रतियोगिता बनी आकर्षण

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 6 अक्टूबर।
उम्र के इस पड़ाव पर बुजुर्गों को सिर्फ दवाइयां नहीं, बल्कि सम्मान, अपनापन और समाज में सक्रिय भूमिका भी चाहिए। वरिष्ठ नागरिक समाज की धरोहर हैं और उनके स्वस्थ व सम्मानजनक जीवन की जिम्मेदारी सभी की है। यह बात दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मंगलवार को प्रशांत विहार स्थित अग्रवाल धर्मशाला में आयोजित कैंसर स्क्रीनिंग शिविर एवं वरिष्ठ नागरिक सांस्कृतिक उत्सव के उद्घाटन के दौरान कही।
सम्पूर्णा संस्था की ओर से आयोजित कार्यक्रम में संस्था की संस्थापक शोभा विजेंद्र भी मौजूद रहीं। गुप्ता ने कहा कि समय पर स्वास्थ्य जांच और निवारक स्वास्थ्य देखभाल गंभीर बीमारियों से बचाव में अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए कैंसर स्क्रीनिंग शिविर लगाने की पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य जांच के साथ वरिष्ठ नागरिकों को अपनी प्रतिभा दिखाने और खुलकर संवाद करने का मंच भी मिला। भाषण प्रतियोगिता और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार एवं सम्मान पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। वहीं, दादा-दादी और पोते-पोतियों की नृत्य प्रतियोगिता ने माहौल में खास रंग भर दिया। मंच पर थिरकती पीढ़ियों ने आपसी प्रेम और रिश्तों की गर्माहट का संदेश दिया।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव परिवार और समाज की बड़ी पूंजी है। उन्हें अकेला छोड़ने के बजाय सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। ऐसी पहलें बुजुर्गों में उत्साह पैदा करने के साथ नई पीढ़ी को भी उनके प्रति सम्मान का संस्कार देती हैं।