-मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक महीने में 4,100 किलो से अधिक मिलावटी खोया-पनीर नष्ट
-मोरी गेट खोया मंडी से लिए गए 30 नमूनों में 22 मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए, पनीर-छेना के 19 नमूनों में 12 निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 23 सितंबर 2026।
राजधानी में नकली और मिलावटी खोया-पनीर और दूसरे उत्पादों के खिलाफ रेखा-सरकार ने कार्रवाई सख्त कर दी है। त्योहारी सीजन में दिल्लीवासियों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली सरकार ने मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अपना अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कड़े निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने खोया, पनीर, छेना और घी समेत दूध से बने खाद्य उत्पादों की जांच और प्रवर्तन कार्रवाई बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों और कोई भी व्यक्ति मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न कर सके। विभाग ने आज भी कई इलाकों में कार्रवाई की। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बीते एक महीने के दौरान दिल्ली के प्रमुख बाजारों और खाद्य बिक्री केंद्रों पर लगातार प्रवर्तन अभियान चलाया है। इन अभियानों के तहत ओखला सब्जी मंडी, मोरी गेट खोया मंडी, बाग दीवार, संजय मार्केट, छोटी सब्जी मंडी जनकपुरी, मोची मार्केट-शाहदरा, गाजीपुर और झील सहित विभिन्न स्थानों पर खोया, पनीर, छेना और घी की जांच की गई। विभाग की ओर से ऑनलाइन निरीक्षण भी किए गए हैं। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई के निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने और केवल वास्तविक एवं मानकों के अनुरूप खाद्य उत्पादों की बिक्री करने की हिदायत दी गई है।
4,100 किलो से अधिक मिलावटी खोया-पनीर नष्ट, कार्रवाई जारी
विभाग की कार्रवाई के दौरान अब तक 4,100 किलोग्राम से अधिक खोया और पनीर ऐसा पाया गया, जिस पर मिलावट का संदेह था। प्रवर्तन कार्रवाई के तहत इस संदिग्ध खाद्य सामग्री को नष्ट कर दिया गया ताकि इसे बाजार में दोबारा बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरा पैदा न किया जा सके। मोरी गेट खोया मंडी में की गई जांच के दौरान खोया के 30 नमूने लिए गए। इनमें से 22 नमूने मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाए गए और निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। यह कार्रवाई त्योहारों के दौरान मिलावटी खोया की बिक्री पर विभाग की सख्त निगरानी को दर्शाती है।
इसी तरह पनीर और छेना के अब तक जिन 19 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, उनमें केवल सात नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए, जबकि 12 नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। विभाग ने जांच में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत अभियोजन की कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
बुधवार को भी कई इलाकों में कार्रवाई
त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को भी दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई की। खारी बावली, ओखला सब्जी मंडी, पूर्वी दिल्ली के झील क्षेत्र और पश्चिमी दिल्ली की जनकपुरी मंडी समेत विभिन्न स्थानों पर जांच और प्रवर्तन कार्रवाई की गई। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों का मौसम समाप्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा। बाजारों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच, नमूने लेने और संदिग्ध या असुरक्षित खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। दिल्ली सरकार ने खाद्य कारोबारियों से भी अपील की है कि वे खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े सभी निर्धारित मानकों का पालन करें तथा केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करें। खाद्य सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारों में मिलावट पर सख्ती, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाईः सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि त्योहार खुशियों और उत्सव के लिए है और इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की खरीदारी करते हैं। ऐसे में मिलावट के जरिए लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ दिल्ली सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मिलावट किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का संकल्प है कि त्योहारों के दौरान दिल्लीवासियों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हों और कोई भी व्यक्ति मिलावटी या असुरक्षित खाद्य सामग्री बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न कर सके। जनता के स्वास्थ्य से समझौता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और खाद्य सुरक्षा विभाग पूरे त्योहारों के मौसम में गहन प्रवर्तन अभियान चलाता रहेगा। उन्होंने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए हैं कि बाजारों में नियमित निरीक्षण किए जाएं, संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं और जांच में दोषी पाए जाने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। दिल्ली में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।


