-मनजिंदर सिंह सिरसा ने राजस्थान उद्योग नगर में अवसंरचना कार्यों की समीक्षा की, टिकाऊ सड़कों, वर्षा जल निकासी व्यवस्था और उचित ऑडिट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 27 अगस्त, 2026।
दिल्ली सरकार के उद्योग, खाद्य एवं आपूर्ति तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने गुरूवार को आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र के विधायक राज कुमार भाटिया के साथ बैठक की। बैठक में आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र में औद्योगिक अवसंरचना, पर्यावरण संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन और हरित क्षेत्र के विस्तार से संबंधित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में डीएसआईआईडीसी के वरिष्ठ अधिकारी, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी स्थित राजस्थान उद्योग नगर से जुड़े प्रतिनिधि तथा वन एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। राजस्थान उद्योग नगर, जो लघु एवं मध्यम उद्यमों, कार्यशालाओं, हल्के विनिर्माण और थोक व्यापारिक गतिविधियों का एक महत्वपूर्ण औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्र है, वहां अवसंरचना के विकास और रखरखाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
राजस्थान उद्योग नगर में डीएसआईआईडीसी द्वारा कराए जा रहे सड़क और वर्षा जल निकासी कार्यों की समीक्षा करते हुए सिरसा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी इन्फ्रास्ट्रक्चर कार्य टिकाऊ, दीर्घकालिक और स्वीकृत डिजाइन एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप हों। मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, “इन अवसंरचना परियोजनाओं पर जनता का पैसा खर्च हो रहा है, इसलिए गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। हमारा उद्देश्य केवल कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि ऐसी अवसंरचना तैयार करना होना चाहिए जो वर्षों तक टिकाऊ और सुचारू रूप से कार्य करती रहे। डिजाइन और कार्यान्वयन, दोनों स्तरों पर उचित ऑडिट सुनिश्चित किया जाना चाहिए।”
सिरसा ने अधिकारियों को वर्षा जल निकासी नालों की नियमित सफाई और रखरखाव के लिए एक प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाले अपशिष्ट जल को उचित वैज्ञानिक व्यवस्था के माध्यम से नियंत्रित किया जाना चाहिए तथा वर्षा जल निकासी प्रणाली से उसका जुड़ाव केवल वैज्ञानिक रूप से तैयार व्यवस्थाओं के तहत ही हो। निरीक्षण और निगरानी को सुगम बनाने के लिए इनलेट और आउटलेट बिंदुओं पर उपयुक्त चैंबर की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।


