-ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 9 विकेट के बड़े अंतर से दी शिकस्त
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 21 अगस्त।
उत्तर दिल्ली स्ट्राइकर्स ने महिला दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। टीम ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को नौ विकेट से हराया और पांच से अधिक ओवर शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम उत्तर दिल्ली की अनुशासित गेंदबाजी के सामने संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट पर 101 रन ही बना सकी।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शुरुआती दो विकेट जल्दी गंवा दिए और उसका स्कोर 2 विकेट पर 17 रन हो गया। इसके बाद वंशिका लिला और सोनाक्षी ने पारी को संभालने का प्रयास किया और तीसरे विकेट के लिए 30 रन जोड़े। हालांकि, 10वें ओवर में 24 गेंदों पर 26 रन बनाने वाली लिला के आउट होते ही एक बार फिर विकेटों का पतन शुरू हो गया।
ईस्ट दिल्ली की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और पारी के अंतिम चरण में कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी। उत्तर दिल्ली की ओर से नाजमा सबसे सफल गेंदबाज रहीं, जिन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर दो विकेट लिए। रेशिका बेनीवाल ने भी 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए। वहीं, अपेक्षा आनंद ने किफायती गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में केवल 10 रन देकर एक विकेट लिया।
102 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तर दिल्ली स्ट्राइकर्स ने उपासना यादव का विकेट जल्दी गंवा दिया, लेकिन इसके बाद टीम ने जल्द ही मैच पर नियंत्रण बना लिया। शिवी शर्मा और अर्चना ने मोर्चा संभाला और आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को जीत की ओर बढ़ाया।
दोनों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 92 रनों की शानदार साझेदारी की और ईस्ट दिल्ली राइडर्स को पूरी तरह दबाव में ला दिया। शिवी शर्मा ने शानदार अर्धशतक पूरा किया, जबकि अर्चना ने 32 गेंदों पर नाबाद 38 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया। उत्तर दिल्ली स्ट्राइकर्स ने अंततः लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए नौ विकेट से शानदार जीत दर्ज की और डीपीएल 2026 अभियान की मजबूत शुरुआत की।


