’सैनी एन्क्लेव में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस’

-मेडिकल कैंप, कविता पाठ एवं गीतों से बिखेरे देशभक्ति के रंग

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 15 अगस्त, 2026!
सैनी एन्क्लेव में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन एक कदम स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत की ओर एनजीओ के अध्यक्ष सुशील तिवारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में 600 से अधिक स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह में संदीप मल्होत्रा (दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष के भाई) के द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। सुशील तिवारी ने राष्ट्रहित में कार्य करने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ’‘सप्तधारा’ विकास दृष्टिकोण एवं ‘आत्मनिर्भर भारत’’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया और उपस्थित लोगों ने इन संकल्पों को आगे बढ़ाने का प्रण लिया। इस अवसर पर आरएसएस के महेश गोयल एवं राज कुमार भाटिया जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश शर्मा, पूर्व विधायक नसीब सिंह, स्थायी समिति की चेयरमैन सत्या शर्मा, शाहदरा साउथ जोन के चेयरमैन पंकज लूथरा, एसीपी संजीव गौतम, राज कुमार शर्मा, एस.के. गंभीर, सी.एम. अग्रवाल, गोपी किशन सेठ, प्रमोद जैन, आनंद सहित अनेक सम्मानित नागरिक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समारोह में ’निःशुल्क मेडिकल कैंप’ का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य, कविता पाठ एवं योग की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। ’योगा लेडीज ग्रुप’ द्वारा गीतों की सुंदर प्रस्तुति ने भी सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 35 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और कई वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया।