लॉमसांगजुआला की दूसरे हाफ में हैट्रिक से जमशेदपुर FC ने इंडियन एयर फोर्स को 6-0 से रौंदा

-डूरंड कप में जमशेदपुर एफसीः 6 (रेनियर फर्नांडिस 4’, लॉमसांगजुआला 55’, 64’, 80’, अमन सीके 71’, रयान सी 84’), इंडियन एयर फोर्स एफटीः 0

विजय कुमार/ रांची, 13 अगस्त।
17 वर्षीय लॉमसांगजुआला की 25 मिनट में पूरी की गई हैट्रिक और अमन सी.के. के शानदार प्लेमेकिंग प्रदर्शन की बदौलत जमशेदपुर एफसी ने गुरुवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में 135 वें डूरंड कप के ग्रुप सी के आखिरी मुकाबले में इंडियन एयर फोर्स एफटी को 6-0 से करारी शिकस्त दी। रेनियर फर्नांडिस ने चैथे मिनट में रेड माइनर्स को बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में लॉमसांगजुआला ने दो गोल किए। अमन सी.के. ने जमशेदपुर के लिए चैथा गोल दागा, जबकि लॉमसांगजुआला ने 80वें मिनट में अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके बाद रयान सी. ने 84वें मिनट में छठा गोल करके टीम की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।

इस शानदार जीत के साथ जमशेदपुर एफसी टूर्नामेंट की दूसरी सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम बनने की दौड़ में शामिल हो गई है। क्वार्टर फाइनल में उसकी जगह की पुष्टि ग्रुप चरण के आज शाम होने वाले आखिरी मुकाबले के बाद होगी।
मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने अपनी शुरुआती एकादश में सिर्फ एक बदलाव किया और आक्रामक 4-3-3 फॉर्मेशन के साथ मैदान में उतरी। एल्बिनो गोम्स गोलकीपर थे, जबकि उनके सामने निखिल बरला, प्रतीक चैधरी, प्रोवत लाकड़ा और लालरियाथपुइया चावंग्लुत ने डिफेंस संभाला। शगोलसेम राशिथोई मीतेई, प्रणय हलधर और रेनियर फर्नांडिस ने मिडफील्ड की जिम्मेदारी संभाली, जबकि सनान मोहम्मद के., अमन सीके और देवेंद्र मुर्गाओकर ने आक्रमण की कमान संभाली।
इंडियन एयर फोर्स एफटी ने भी अपनी शुरुआती एकादश में एक बदलाव किया और 4-3-3 फॉर्मेशन में शिबिनराज कुन्नीयिल को गोलकीपर के रूप में उतारा। मोहम्मद आकिब, अमलदास के.आर., उमर फारूक और जिजो जेरोन ने डिफेंस की जिम्मेदारी संभाली। मिडफील्ड में मोहम्मद दानिश, सैमुअल के.वी. और नाओरेम सोमनंदा सिंह थे, जबकि अल्केश ए.एस., अखिश सिरिल और अमन खान ने अग्रिम पंक्ति संभाली।
जमशेदपुर एफसी ने मुकाबले की शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम कर लिया और चैथे मिनट में बढ़त हासिल कर ली। अमन सीके ने शानदार दौड़ लगाते हुए एयर फोर्स की डिफेंस को भेदा और रेनियर फर्नांडिस को बेहतरीन पास दिया, जिसे उन्होंने शांति से गोल में बदल दिया। पहले 15 मिनट में एयरमेन के लिए मुकाबले में लय हासिल करना मुश्किल रहा। जमशेदपुर के खिलाड़ियों की तेज मूवमेंट और प्रेसिंग ने उनके बिल्ड-अप को बार-बार बाधित किया। रेड माइनर्स ने खेल की गति पर नियंत्रण बनाए रखा। निखिल बरला बढ़त दोगुनी करने के करीब पहुंचे, लेकिन उनका जोरदार शॉट लक्ष्य से थोड़ा दूर निकल गया।
इंडियन एयर फोर्स की परेशानी 25वें मिनट में और बढ़ गई, जब गलत टाइमिंग से किए गए टैकल के लिए उमर फारूक को पीला कार्ड दिखाया गया। हाइड्रेशन ब्रेक के बाद भी जमशेदपुर का दबदबा जारी रहा। शिबिनराज कुन्नीयिल ने शानदार बचाव करते हुए एक ऐसी फ्री-किक को गोल में जाने से रोका, जो टॉप कॉर्नर की ओर जाती दिखाई दे रही थी।
दूसरी ओर, एल्बिनो गोम्स को भी पहली बार चुनौती का सामना करना पड़ा और उन्होंने सैमुअल के.वी. के लंबी दूरी से लगाए गए शॉट को आसानी से रोक लिया। जमशेदपुर के दबदबे के बावजूद एयरमेन के पास इंजरी टाइम में बराबरी करने का सुनहरा मौका आया। एल्बिनो ने एक शॉट को रोककर गेंद अमन खान की ओर पहुंचा दी, लेकिन फॉरवर्ड करीबी दूरी से मिले रिबाउंड को गोल में नहीं बदल सके। इस तरह जमशेदपुर ने हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त कायम रखी।
दूसरे हाफ की शुरुआत धीमी रही और शुरुआती 10 मिनट में दोनों टीमें कोई स्पष्ट मौका नहीं बना सकीं। हालांकि, 18 वर्षीय लॉमसांगजुआला के मैदान पर उतरते ही मुकाबले का रंग पूरी तरह बदल गया।
55वें मिनट में अमन सीके ने एक बार फिर शानदार शुरुआत की। उन्होंने दाएं फ्लैंक से तेज दौड़ लगाई और सटीक क्रॉस दिया, जिस पर लॉमसांगजुआला ने करीबी दूरी से गोल करते हुए जमशेदपुर की बढ़त 2-0 कर दी। यह जोड़ी एयरमेन के लिए लगातार परेशानी बनी रही। 64वें मिनट में अमन सीके ने अपना तीसरा असिस्ट दर्ज करते हुए लॉमसांगजुआला को फिर से गेंद पहुंचाई और उन्होंने एक और शानदार फिनिश के साथ स्कोर 3-0 कर दिया। इंडियन एयर फोर्स की निराशा बढ़ती गई और 65वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी अमरनाथ को पीला कार्ड दिखाया गया। इस बीच रेड माइनर्स ने मुकाबले पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया।
71वें मिनट में अमन सीके ने खुद भी गोल कर दिया। रेनियर फर्नांडिस ने खुद शॉट लेने के बजाय गेंद अपने साथी को दी। अमन ने बॉक्स के अंदर घूमकर बाएं पैर से शानदार फिनिश करते हुए स्कोर 4-0 कर दिया। 80वें मिनट में लॉमसांगजुआला ने अपनी शानदार हैट्रिक पूरी की। इस गोल में भी अमन सीके की अहम भूमिका रही। विंगर ने मुकाबले में अपना चैथा असिस्ट दर्ज करते हुए बेहतरीन क्रॉस दिया, जिस पर लॉमसांगजुआला ने प्वाइंट-ब्लैंक रेंज से जोरदार हेडर लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया।
आखिरी हाइड्रेशन ब्रेक के बाद भी जमशेदपुर ने आक्रमण जारी रखा। 17 वर्षीय स्थानापन्न खिलाड़ी रयान सी ने 84वें मिनट में छठा गोल दागा। उन्होंने लॉमसांगजुआला से मिले पास पर नियंत्रण किया और बाएं पैर से जोरदार शॉट लगाकर गेंद को निचले कोने में पहुंचा दिया। शिबिनराज कुन्नीयिल ने दूसरे हाफ में कई शानदार बचाव किए और अपनी टीम को इससे भी बड़ी हार से बचाया, लेकिन जमशेदपुर की आक्रामक क्षमता के सामने एयर फोर्स की चुनौती अंततः कमजोर पड़ गई।
6-0 की इस जीत ने जमशेदपुर एफसी की क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। टीम ईस्ट बंगाल एफसी के बाद सर्वश्रेष्ठ दूसरे स्थान वाली टीमों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब उसका क्वार्टर फाइनल भाग्य ग्रुप डी के आखिरी मुकाबले में शिलॉन्ग लाजोंग और लैंग्सनिंग एफसी के बीच होने वाले मैच के नतीजे पर निर्भर करेगा।