मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर 2-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण

-वर्षों से लंबित सड़क परियोजना हुई पूरी, कोंडली क्षेत्र में आवागमन को मिलेगी नई गति: रेखा गुप्ता

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 13 अगस्त 2026!
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के कोंडली में गाजीपुर ड्रेन और हिंडन नहर पर नवनिर्मित 2-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण किया। लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने माननीय अतिथियों के साथ नवनिर्मित 2-लेन स्लिप रोड पुल का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पुल की संरचना, यातायात व्यवस्था एवं क्षेत्र में बेहतर आवागमन के लिए किए गए कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर माननीय केंद्रीय राज्य मंत्री और पूर्वी दिल्ली से सांसद हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, पटपड़गंज से विधायक रविन्द्र सिंह नेगी और त्रिलोकपुरी से विधायक रवि कांत सहित अन्य गणमान्य लोग और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली में सरकार बनने के बाद राजधानी की दशा और दिशा, दोनों में सकारात्मक बदलाव आया है। वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति मिली है और दिल्ली विकास की नई राह पर तेजी से आगे बढ़ रही है। आज पूर्वी दिल्ली के कोंडली क्षेत्र में बड़े नाले पर निर्मित दो नवनिर्मित स्लिप रोड ब्रिजों का लोकार्पण माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा किया गया। इन पुलों के निर्माण से त्रिलोकपुरी, कोंडली और पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क, सुगम आवागमन और अधिक सुविधाजनक यातायात व्यवस्था का लाभ मिलेगा। यह परियोजना क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ-साथ दैनिक यात्रियों की आवाजाही को और आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का ध्यान ऐसी आधारभूत संरचना विकसित करने पर है, जिसका सीधा और व्यापक लाभ आम नागरिकों को मिले। सड़क नेटवर्क को मजबूत करना, यातायात के दबाव को कम करना और दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों के बीच बेहतर आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कोंडली में यह परियोजना बेहतर कनेक्टेड, सुगम और विकसित दिल्ली की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सड़क इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के साथ-साथ सुरक्षित एवं सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि कोंडली में गाजीपुर ड्रेन एवं हिंडन नहर पर नवनिर्मित 2-लेन स्लिप रोड पुल का लोकार्पण क्षेत्र में बेहतर आवागमन और सुगम यातायात की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस परियोजना से कोंडली, कल्याणपुरी, गाजीपुर और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा, साथ ही मौजूदा कोंडली ब्रिज पर यातायात के दबाव और जाम को कम करने में मदद मिलेगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य ऐसी मजबूत और जन-केंद्रित सड़क अवसंरचना विकसित करना है, जो नागरिकों के समय की बचत करे, यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाए और राजधानी के विकास को नई गति दे।