‘तिरंगा यात्रा में देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना से सराबोर हुआ रोहिणी’

-विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों के साथ महापौर ने निकाली तिरंगा यात्रा
-प्रवेश वाही ने लोगों से किया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 12 अगस्त।
दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने बुधवार को रोहिणी सेक्टर-8 क्षेत्र में आयोजित तिरंगा यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर आयोजित इस तिरंगा यात्रा में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र देशभक्ति, राष्ट्रगौरव और राष्ट्रीय एकता की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि तिरंगा केवल हमारे देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, गौरव और हमारे वीर स्वतंत्रता सेनानियों एवं सैनिकों के बलिदान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का स्मरण होता है।
उन्होंने कहा, “हाथों में तिरंगा और हृदय में भारत के प्रति गर्वकृयही भावना हमें अपने वीरों के बलिदान को सदैव याद रखने तथा राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा देती है। देश की एकता और अखंडता को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।”
प्रवेश वाही ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और स्वतंत्रता के इस महोत्सव को पूरे उत्साह, सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं।
महापौर प्रवेश वाही ने कहा, “मैं दिल्ली के सभी नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनें। हमारा तिरंगा हमें अपने राष्ट्र के प्रति प्रेम, समर्पण और कर्तव्य का निरंतर स्मरण कराता है।”
तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।