वेस्ट दिल्ली लायंस की गेंदबाज़ी का जलवा, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को पांच विकेट से हराया

-अरुण जेटली स्टेडियम में चल रहा है मुकाबला

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 5 अगस्त।
वेस्ट दिल्ली लायंस ने दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ को पांच विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
लायंस ने पहले बेहतरीन गेंदबाज़ी करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की पूरी टीम को 19.5 ओवर में 160 रन पर समेट दिया। इसके बाद 161 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए मुकाबला पांच विकेट से अपने नाम कर लिया।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज़ की टीम पूरे मैच में बड़ी साझेदारियां नहीं बना सकी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। वेस्ट दिल्ली लायंस के गेंदबाज़ों ने लगातार सटीक लाइन और लेंथ पर गेंदबाज़ी करते हुए बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
पारी के आखिर में विज़न पांचाल ने तेज़तर्रार बल्लेबाज़ी करते हुए 12 गेंदों में 24 रन बनाए, जिसकी बदौलत सुपरस्टार्ज़ की टीम 160 रन के स्कोर तक पहुंच सकी।
वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से मयंक गुसाईं सबसे सफल गेंदबाज़ रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर तीन विकेट झटके। कप्तान नितीश राणा ने भी प्रभावी गेंदबाज़ी करते हुए 30 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि अनुभवी तेज़ गेंदबाज़ कुलवंत खेजरोलिया ने चार ओवर में 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट दिल्ली लायंस की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम पावरप्ले के भीतर 26 रन पर दो विकेट गंवा बैठी। इसके बाद नितीश राणा और कृष यादव ने तीसरे विकेट के लिए 58 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर पारी को संभाला। राणा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 25 गेंदों में 32 रन बनाए। हालांकि उनके आउट होने के बाद टीम ने कुछ और विकेट गंवाए, लेकिन लक्ष्य पर पकड़ बनाए रखी।
इसके बाद आयुष दोसेजा ने दबाव की स्थिति में शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 27 गेंदों में 44 रन बनाए और टीम को जीत की ओर बढ़ाया। उन्हें मयंक गुसाईं का अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 10 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाकर अपने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन को पूरा किया। गुसाईं ने अंत तक टिककर बल्लेबाज़ी की और वेस्ट दिल्ली लायंस को पांच विकेट से आसान जीत दिला दी।