बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026: सिंधु को 9वीं और सात्विक-चिराग को 5वीं सीडिंग

-पुरुष एकल में चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन शी युकी और महिला एकल में दक्षिण कोरिया की आन से यंग को शीर्ष वरीयता मिली

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 4 अगस्त!
जापान ओपन चैंपियन पीवी सिंधु को आगामी बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप 2026 के लिए महिला एकल में नौवीं वरीयता (सीडिंग) दी गई है, जबकि 2022 एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को पांचवीं वरीयता मिली है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 17 से 23 अगस्त 2026 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा।
भारत की सभी पांचों स्पर्धाओं में दो-दो प्रविष्टियां हैं और इनमें से चार स्पर्धाओं में कम से कम एक भारतीय जोड़ी या खिलाड़ी को वरीयता मिली है।
सिंधु और सात्विक-चिराग के अलावा, पुरुष एकल में विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन को 14वीं वरीयता मिली है, जबकि मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो की जोड़ी को 15वीं सीडिंग दी गई है।
खिलाड़ियों ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए 28 अप्रैल 2026 की विश्व रैंकिंग के आधार पर क्वालीफाई किया था, जबकि सीडिंग का निर्धारण 28 जुलाई 2026 की विश्व रैंकिंग के अनुसार किया गया है।
पुरुष एकल में चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन शी युकी शीर्ष वरीय खिलाड़ी हैं, जबकि महिला एकल में दक्षिण कोरिया की स्टार खिलाड़ी आन से यंग को नंबर एक सीड मिली है।
महिला एकल की मौजूदा विश्व चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को दूसरी वरीयता मिली है, जबकि चीन की वांग झी यी और चेन यूफेई क्रमशः तीसरी और चौथी वरीय खिलाड़ी हैं।
चैंपियनशिप का ड्रॉ बुधवार को नई दिल्ली में निकाला जाएगा। यदि ड्रॉ से पहले कोई वरीय खिलाड़ी अपना नाम वापस लेता है, तो अंतिम सीडिंग में बदलाव संभव है।
पुरुष युगल में दक्षिण कोरिया की किम वोन हो और सियो सेउंग जे की जोड़ी को शीर्ष वरीयता मिलने की उम्मीद है। महिला युगल में चीन की लियू शेंग शू और तान निंग को नंबर एक सीड दी गई है, जबकि मिश्रित युगल में चीन की फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग शीर्ष वरीय जोड़ी हैं।