रिश्वत के मामले में दिल्ली PWD के AE व अन्य दो CBI के शिकंजे में

-21 लाख रूपये रिश्वत लेने का मामला, कंस्ट्रक्शन कंपनी का प्रतिनिधि भी गिरफ्तार
-एई के घर से 36.50 लाख और ठेकेदार के ठिकाने से 46.75 लाख रूपये बरामद

एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 28 जुलाई, 2026।
सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने रिश्वत के एक मामले में नई दिल्ली के पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (PWD) के एक असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और दो अन्य लोगों (रोहिणी, नई दिल्ली की मै. कौड़ा कंस्ट्रक्शन कंपनी के एक प्रतिनिधि और उसी फर्म के एक कर्मचारी) को गिरफ्तार किया है। पीडब्लूडी के असिस्टेंट इंजीनियर की पहचान रूप सिंह मीणा के रूप में हुई है। गिरफ्तार किये गये संजय कौड़ा को ठेकेदार कंपनी का प्रोपराइटर/प्रतिनिधि और विक्रम कुमार को इस ठेकेदार कंपनी का कर्मचारी बताया जा रहा है।
सीबीआई ने इन आरोपियों के खिलाफ 27 जुलाई को मामला दर्ज किया था। आरोप है कि पीडब्लूडी के असिस्टेंट इंजीनियर ने अपने पद का गलत इस्तेमाल करते हुए, रोहिणी, नई दिल्ली की मै. कौरा कंस्ट्रक्शन कंपनी के सरकारी ठेकेदार को पीडब्लूडी, नई दिल्ली द्वारा सौंपे गए अलग-अलग निर्माण कार्यों के सिलसिले में अनुचित सरकारी फायदे पहुंचाए। इन सरकारी फायदों के बदले, आरोपी असिस्टेंट इंजीनियर प्राइवेट फर्म के प्रतिनिधि से नियमित रूप से गैर-कानूनी पैसे और अन्य अनुचित लाभ ले रहा था। यह प्रतिनिधि अपने कर्मचारी के जरिए अलग-अलग तरीकों से आरोपी एई को कमीशन रिश्वत के तौर पर गैर-कानूनी पैसे देता था। इसी आपराधिक साजिश के तहत, 27 जुलाई को प्राइवेट फर्म के आरोपी प्रतिनिधि ने अपने कर्मचारी को निर्देश दिया कि वह 21,00,000 रुपये (इक्कीस लाख रुपये) की रकम पीतमपुरा, नई दिल्ली में आरोपी असिस्टेंट इंजीनियर के घर पर पहुंचाए।
सीबीआई ने आरोपी एई के घर पर छापा मारा और 27 जुलाई को आरोपी कर्मचारी द्वारा पहुंचाए गए 21 लाख रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा, आरोपी एई के घर से कई आपत्तिजनक दस्तावेज और 15.50 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए। मै. कौरा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रतिनिधि के घर की तलाशी के दौरान, कई आपत्तिजनक दस्तावेज और 46.75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। सीबीआई यह पता लगाने की कोशिश भी कर रही है कि आरोपी ठेकेदार कंपनी पीडब्लूडी के दूसरे कौनसे इंजीनियरों से मिलीभगत करके लाभ उठा रहा था।