AAP के बागी पार्षद BJP में भर्ती, ‘IVP’ का BJP में विलय

-सीएम रेखा गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मलहोत्रा की मौजूदगी में हो रही आईवीपी पार्षदों की बजेपी में भर्ती
-एमसीडी के जोन, स्टेंडिंग कमेटी, एडहाॅक एवं विशेष समितियों में मिलेगी भागीदारी

हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 10 जुलाई।
दिल्ली नगर निगम की राजनीति में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर होने जा रहा है। करीब एक वर्ष पूर्व आम आदमी पार्टी के 16 बागी पार्षदों के द्वारा बनाई गई ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ (आईवीपी) का विलय शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में हो रहा है। आईवीपी के मुखिया एवं एमसीडी में वर्तमान में सबसे वरिष्ठ निगम पार्षद मुकेश गोयल के नेतृत्व में उनकी पार्टी के सभी पार्षद बीजेपी में शामिल हो रहे हैं।
प्राप्त सूचना के मुताबिक आईवीपी के सभी 16 निगम पार्षदों को दिल्ली बीजेपी कार्यालय पहुंचने के लिए शुक्रवार सुबह 10ः30 बजे का समय दिया गया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मलहोत्रा की मौजूदगी में ‘आईवीपी पार्षदों को बीजेपी में भर्ती’ किया जायेगा। जबकि मीडिया को गुरूवार को ही सीएम रेखा गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मलहोत्रा के द्वारा 11ः30 बजे पे्रस वार्ता को संबोधित किये जाने की सूचना भेज दी गई थी। हालांकि इस प्रेस वार्ता का विषय जरूर स्पष्ट नहीं किया गया था।
मिलेगी जोन और कमेटियों में भागीदारी!
आईवीपी पार्षदों को बीजेपी में शुक्रवार को इसलिए भी शामिल किया जा रहा है, क्योंकि जोन एवं स्टेंडिंग कमेटी के चुनाव के लिए शुक्रवार को ही नामांकन पत्र दाखिल किये जाने की आखिरी तारीख है। सूत्रों के मुताबिक आईवीपी के एक पार्षद को स्टेंडिंग कमेटी की सदस्यता, एक निगम पार्षद को किसी जोन में चेयरमैन पद, एक पार्षद को निगम की एक बड़ी कमेटी का चेयरमैन पद और कुछ पार्षदों को अन्य कमेटियों में भागीदारी दी जायेगी। बीजेपी में शामिल होने के पश्चात शुक्रवार को ही पूर्व निर्धारित समझौते के तहत निगम सचिव कार्यालय में अपने नामांकन पत्र भी दाखिल करेंगे।