कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए रवाना हुआ भारतीय दल

-मंगलवार को किया गया आधिकारिक किट का अनावरण

विजय कुमार/ नई दिल्ली, 7 जुलाई।
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने मंगलवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत के दल को भव्य विदाई दी और साथ ही उस आधिकारिक सेरेमोनियल एवं प्रतियोगी किट का अनावरण किया, जिसे टीम इंडिया 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में होने वाले खेलों के दौरान पहनेगी।
इस समारोह में खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ, गणमान्य अतिथियों और साझेदारों ने भाग लिया। टीम इंडिया एक और सफल कॉमनवेल्थ गेम्स अभियान की उम्मीदों के साथ स्कॉटलैंड रवाना हो रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा, भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, खेल विभाग के सचिव हरी रंजन राव, शेफ-डी-मिशन रोहित राजपाल, डिप्टी शेफ-डी-मिशन रवि बंगानी, खिलाड़ियों, कोचों ने भाग लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, ग्लासगो के लिए रवाना हो रही टीम इंडिया से मेरा आग्रह है कि वे निडर होकर खेलें, खेल भावना के सर्वोच्च मूल्यों को बनाए रखें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। भारत सरकार हर खिलाड़ी के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें देश का नाम रोशन करने के लिए हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष डॉ. पी.टी. उषा ने कहा, आज भारतीय खेलों के लिए एक नए गौरवशाली अध्याय की शुरुआत है। भारत की जर्सी पहनने वाला हर खिलाड़ी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और त्याग के बाद इस मुकाम तक पहुंचा है।
भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से मैं टीम इंडिया के प्रत्येक सदस्य को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।
भारत में ब्रिटेन की उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने कहा,
टीम इंडिया को व्यक्तिगत रूप से शुभकामनाएं देने का अवसर पाकर मुझे बेहद खुशी हुई। ग्लासगो में होने वाले ये खेल केवल खेल उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रमंडल की एकता, विविधता और स्थायी भावना का भी प्रदर्शन करेंगे। खेल, भारत और ब्रिटेन के लोगों के बीच संबंधों का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। हमें पता है कि भारत 2030 में अहमदाबाद में राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की मेजबानी की तैयारियां भी कर रहा है। हम ब्रिटेन में भारत के स्टार खिलाड़ियों का स्वागत करने और उनकी सफलता की कामना करने के लिए उत्सुक हैं। विदाई समारोह के दौरान आधिकारिक किट का अनावरण किया गया।
भारतीय दल का नेतृत्व शेफ-डी-मिशन रोहित राजपाल करेंगे, जबकि डिप्टी शेफ-डी-मिशन रवि बंगानी पूरे अभियान के दौरान खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग सुनिश्चित करेंगे। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के लिए भारत 124 खिलाड़ियों का मजबूत दल भेज रहा है, जिसमें सक्षम (एबल-बॉडीड) और पैरा खिलाड़ी दोनों शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी 10 खेलों में चुनौती पेश करेंगे, जिनमें एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो, जिम्नास्टिक्स, साइक्लिंग, लॉन बॉल्स और तैराकी के अलावा पैरा एथलेटिक्स, पैरा व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा तैराकी और पैरा ट्रैक साइक्लिंग शामिल हैं।