ऋषभ पंत और प्रतिका रावल पर रहेंगी नजरें, DPL सीजन-3 की नीलामी में 600 से अधिक खिलाड़ियों पर लगेगी बोली

-आठ पुरुष और चार महिला फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए अपनी टीमों का गठन करेंगी

विजय कुमार/  नई दिल्ली, 30 जून। 
दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) टी20 के तीसरे सीजन की खिलाड़ी नीलामी 1 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होगी। इस नीलामी में आठ पुरुष और चार महिला फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए अपनी-अपनी टीमों का चयन करेंगी। नीलामी सुबह 9:00 बजे शुरू होगी।
पुरुष और महिला प्रतियोगिताओं को मिलाकर 600 से अधिक खिलाड़ी नीलामी में शामिल होंगे। इनमें 400 से अधिक पुरुष और 200 से अधिक महिला खिलाड़ी शामिल हैं। नीलामी से पहले विभिन्न फ्रेंचाइजी 65 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ियों को पहले ही रिटेन कर चुकी हैं।
डीडीसीए अध्यक्ष रोहन जेटली ने कहा, “खिलाड़ियों की नीलामी दिल्ली क्रिकेट कैलेंडर के सबसे रोमांचक दिनों में से एक होती है। इसी दिन टीमों का स्वरूप तय होना शुरू होता है और फ्रेंचाइजी ऐसी रणनीतिक फैसले लेती हैं जो पूरे सीजन की दिशा तय करते हैं। डीपीएल अब दिल्ली क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता बन चुका है। यह स्थापित खिलाड़ियों के साथ-साथ उभरती प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता साबित करने का बड़ा मंच देता है। मुझे उत्सुकता है कि इस बार फ्रेंचाइजी किस तरह अपनी टीमों का संयोजन तैयार करती हैं और नीलामी में क्या नए समीकरण देखने को मिलते हैं।”
नीलामी पर्स:
प्रत्येक पुरुष फ्रेंचाइजी को सीजन के लिए कुल 1.5 करोड़ रुपये का पर्स दिया गया था। रिटेन किए गए खिलाड़ियों की राशि घटाने के बाद शेष रकम के साथ सभी फ्रेंचाइजी नीलामी में उतरेंगी। वहीं प्रत्येक महिला फ्रेंचाइजी को 75 लाख रुपये का पर्स आवंटित किया गया था, जिसमें से रिटेंशन राशि पहले ही समायोजित की जा चुकी है।
खिलाड़ियों की श्रेणियां: दोनों प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों को उनके अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर चार श्रेणियों में रखा गया है।
पुरुष वर्ग में मार्की श्रेणी में भारत के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, इंडिया ए के खिलाड़ी और पिछले तीन आईपीएल सीजन में किसी भी टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी शामिल हैं। कैटेगरी ए में पिछले तीन घरेलू सत्रों के दौरान रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी या सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में दिल्ली की सीनियर टीम का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी हैं। कैटेगरी बी में दिल्ली के अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-16 खिलाड़ी शामिल हैं, जबकि कैटेगरी सी में डीडीसीए से पंजीकृत लीग क्रिकेट खिलाड़ी शामिल हैं।
महिला वर्ग में मार्की श्रेणी में दिल्ली/ डीडीसीए की भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और पिछले तीन सीजन में महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) टीमों का हिस्सा रही खिलाड़ी शामिल हैं। कैटेगरी ए में पिछले तीन घरेलू सत्रों में सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी या सीनियर महिला टी20 ट्रॉफी में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी हैं। कैटेगरी बी में दिल्ली की अंडर-23, अंडर-19 और अंडर-15 खिलाड़ी हैं, जबकि कैटेगरी सी में डीडीसीए महिला टी20 लीग की खिलाड़ी और अन्य पंजीकृत खिलाड़ी शामिल हैं।
पुरुष नीलामी पूल:
चारों श्रेणियों में कुल 65 पुरुष खिलाड़ियों को पहले ही रिटेन किया जा चुका है। इनमें 8 मार्की, 16 कैटेगरी ए, 22 कैटेगरी बी और 19 कैटेगरी सी खिलाड़ी शामिल हैं।
मार्की खिलाड़ियों का बेस प्राइस 10 लाख रुपये, कैटेगरी ए का 5 लाख रुपये, कैटेगरी बी का 3 लाख रुपये और कैटेगरी सी का 1 लाख रुपये रखा गया है।
पुरुष नीलामी के मार्की खिलाड़ियों में ऋषभ पंत सबसे बड़ा नाम हैं। उनके अलावा ईशांत शर्मा, नवदीप सैनी, सिमरजीत सिंह, मयंक यादव, अनुज रावत, दिग्वेश राठी, हिम्मत सिंह, कुलदीप यादव, सार्थक रंजन, सुयश शर्मा, वंश बेदी और तेजस्वी भी शामिल हैं।
महिला नीलामी पूल:
चारों श्रेणियों में कुल 28 महिला खिलाड़ियों को रिटेन किया गया है, जिनमें 3 मार्की, 8 कैटेगरी ए, 12 कैटेगरी बी और 5 कैटेगरी सी खिलाड़ी शामिल हैं।
महिला वर्ग में मार्की खिलाड़ियों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये, कैटेगरी ए का 3 लाख रुपये, कैटेगरी बी का 1.5 लाख रुपये और कैटेगरी सी का 75,000 रुपये निर्धारित किया गया है। महिला नीलामी के मार्की खिलाड़ियों में प्रिया पुनिया, प्रिया मिश्रा, पारुनिका सिसोदिया, प्रतिका रावल और सिमरन दिल बहादुर शामिल हैं।
आरटीएम (राइट टू मैच):
दोनों प्रतियोगिताओं की प्रत्येक फ्रेंचाइजी के पास एक-एक आरटीएम कार्ड होगा, जिसका उपयोग केवल एक बार किया जा सकेगा। यदि किसी फ्रेंचाइजी के पिछले सीजन का खिलाड़ी नीलामी में आता है, तो मूल फ्रेंचाइजी अन्य टीमों को बोली लगाने देगी और अंतिम बोली तय होने के बाद उसी राशि से मैच कर खिलाड़ी को वापस अपनी टीम में शामिल कर सकेगी।
टीम संरचना पुरुष फ्रेंचाइजी को 20 से 25 खिलाड़ियों का स्क्वॉड बनाना होगा, जिसमें 2 मार्की, 4 कैटेगरी ए, 6 से 10 कैटेगरी बी और 8 से 9 कैटेगरी सी खिलाड़ी अनिवार्य होंगे।
महिला फ्रेंचाइजी को 18 से 22 खिलाड़ियों का स्क्वॉड बनाना होगा, जिसमें 2 मार्की, 4 कैटेगरी ए, 7 से 8 कैटेगरी बी और 5 से 8 कैटेगरी सी खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रसारण डीपीएल सीजन-3 की खिलाड़ी नीलामी का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार और डीपीएल टी20 के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।