-स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने मच्छरजनित बीमारियों की तैयारियों की समीक्षा की, दिल्ली में सख्त रोकथाम उपायों के निर्देश दिए
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्ली, 24 जून 2026
मानसून के मद्देनजर दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी में डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और नियंत्रण के लिए अपनी तैयारियों को और तेज कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बुधवार को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की वर्तमान स्थिति एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक की तथा सभी संबंधित विभागों को जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदमों और उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने दिल्ली में इन बीमारियों की वर्तमान स्थिति, निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारियों, मच्छर नियंत्रण गतिविधियों तथा जन- जागरूकता अभियानों की समीक्षा की। नवीनतम रिपोर्टों के अनुसार, 20 जून 2026 तक एमसीडी के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में डेंगू के 347, मलेरिया के 87 और चिकनगुनिया के 19 मामले सामने आए हैं। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष अब तक डेंगू अथवा मलेरिया से किसी मरीज की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डॉ. पंकज सिंह ने कहा, “दिल्ली सरकार डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने राज्य में निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारियों, जांच सुविधाओं तथा मच्छर नियंत्रण उपायों को और मजबूत किया है। हालांकि, डेंगू के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना होगा कि उसके घर और आसपास कहीं भी मच्छरों के पनपने की स्थिति न बने।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि नगर निगम, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड ने मच्छर नियंत्रण गतिविधियों को और तेज कर दिया है। 20 जून तक मच्छरों के पनपने वाले स्थलों की पहचान के लिए 1.81 करोड़ से अधिक विजिट कर घरों और परिसरों का निरीक्षण किया गया, 1.97 लाख से अधिक घरों में छिड़काव किया गया, लगभग 38,500 नोटिस जारी किए गए तथा मच्छरों के प्रजनन से संबंधित उल्लंघनों के खिलाफ 4,200 से अधिक कार्रवाई की गई है।


