पर्थ में भारतीय महिला हॉकी टीम के नाम लगातार दूसरी जीत

-तीसरे मैत्री मैच में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराया।

एसएस ब्यूरो/ पर्थ, 29 मई।
पर्थ के हॉकी स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मैत्री श्रृंखला के तीसरे मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से शिकस्त दी। इस जीत के साथ भारत ने चार मैचों की श्रृंखला में 2-1 की बढ़त बना ली है। पहले मुकाबले में हार के बाद भारतीय टीम ने दूसरे मैच में 4-2 से शूटआउट जीत दर्ज करते हुए शानदार वापसी की थी।
दोनों टीमों के बीच खेले गए तीसरे मुकाबले में शुरुआती दो क्वार्टर में दोनों पक्षों का रक्षण बेहद अनुशासित रहा और हाफ टाइम तक मुकाबला 0-0 से बराबरी पर था। तीसरे क्वार्टर में भारत को सफलता मिली जब सोनम (36वें मिनट) ने फील्ड गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद भारतीय टीम ने अंतिम क्वार्टर में भी अपना दबदबा बनाए रखा और लालरेमसियामी (49वें मिनट) ने एक और फील्ड गोल दागकर भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके साथ ही भारत ने मुकाबला 2-0 से अपने नाम कर लिया। श्रृंखला का चैथा और अंतिम मुकाबला शनिवार, 30 मई 2026 को भारतीय समयानुसार सुबह 11ः00 बजे पर्थ हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।