-केंद्रीय मंत्री हर्ष मलहोत्रा ने संभाला दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष का पदभार
एसएस ब्यूरो/ नई दिल्लीः 28 मई, 2026।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मलहोत्रा ने गुरूवार को भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभाल लिया। बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने यह कदम दिल्ली सरकार और राज्य संगठन के बीच बेहतर तालमेल के लिए उठाया है। भारतीय जनता पार्टी ने चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की है। गुरूवार को जारी पत्रों के अनुसार दिल्ली के साथ ही हरियाणा का प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पंजाब का अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों और त्रिपुरा का अध्यक्ष अभिषेक देबराॅय को बनाया गया है। हर्ष मलहोत्रा को दिल्ली बीजेपी का अध्यक्ष बनाये जाने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित सभी मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
हर्ष मलहोत्रा के प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता व मंत्री मंडल के साथी प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, मनजिंदर सिंह सिरसा, सांसद बांसुरी स्वराज, रामबी ंिसंह बिधूड़ी, कमलजी सहरावत व स्वाती मालीवाल, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व अध्यक्षों में डाॅ हर्षवर्धन, सतीश उपाध्याय, आदेश गुप्ता, महापौर प्रवेश वाही, प्रदेश महामंत्री विष्णू मित्तल और मीडिया प्रभारी प्रवीण शंकर कपूर सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, विधायक, निगम पार्षद और भारी संख्या कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी में चर्चा है कि दिल्ली विधानसभा में 27 साल बाद बीजेपी की सरकार बनने के साथ ही संगठन और सरकार के बीच दूरियां लगातार बढ़ती जा रही थीं। इसी के चलते पहले दिल्ली के मेयर पद के चुनाव के मौके पर भी सरकार और संगठन के बीच की दूरियां सामने आईं। इसके पश्चात एमसीडी के जोन चेयरमैन और स्टेंडिंग कमेटी के 6 सदस्यों का चुनाव भी दो बार टलना इसके उदाहरण हैं। बताया जा रहा है कि बीते छह माह पहले ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की कार्यशैली की शिकायतें मिलने के बाद केंद्रीय नेतृत्व की आंखों में खटकने लगे थे।
केंद्रीय मंत्री बनने पर भी नहीं बदला मलहोत्रा का व्यवहार
पार्टी कार्यकर्ताओं में इस बात को लेकर ज्यादा चर्चा है कि हर्ष मलहोत्रा का स्वभाव बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय पदाधिकारियों तक एक जैसा रहता है। मलहोत्रा निगम पार्षद से लेकर मेयर और केंद्रीय मंत्री तक रहे हैं। परंतु उनका व्यवहार कभी नहीं बदला। माना जा रहा है कि हर्ष मलहोत्रा के पद संभाल लेने के बाद दिल्ली बीजेपी में चल रहे काॅरपोरेट कल्चर पर कुछ हद तक लगाम लग सकती है।


उड़ाईं मोदी जी की अपील की धज्जियां!
हर्ष मलहोत्रा के कार्यभार ग्रहण करने के दौरान दिल्ली बीजेपी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जमकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील की धज्जियां उड़ाईं। पीएम मोदी ने पिछले दिनों देशवासियों से अपील की थी कि लोग अपने वाहनों का कम से कम प्रयोग करें, कार पूलिंग करें और पेट्रोल-डीजल की बचत करें। इसके पश्चात दिल्ली की मुख्यमंत्री, मंत्रियों व एमसीडी के नेताओं ने एक-एक दिन पेट्रोल-डीजल की बचत वाले फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किये थे। परंतु गुरूवार को पीएम मोदी की धज्जियां उड़ाते हुए दिल्ली बीजेपी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी अपनी बड़ी-बड़ी गाड़ियों में भारी संख्या में पहुंचे। जिसकी वजह से दिल्ली बीजेपी मुख्यालय परिसर के बाहर और दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई और करीब डेढ़ किलो मीटर तक गाड़ियां ही गाड़ियां खड़ी नजर आईं।
पदभर ग्रहण करने के मौके पर भारी अव्यवस्था!
हर्ष मलहोत्रा के पदभार ग्रहण करने के मौके पर दिल्ली बीजेपी के कार्यालय में भी भारी अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। पहले मीडिया को 2ः30 बजे का समय दिया गया और बाद मेें इसे बढ़ाकर 3ः50 बजे का कर दिया गया। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, विधायकों एवं पार्षदों को भी अगल अलग बैठकों के लिए बुला लिया गया। जिसकी वजह से मीडिया और पार्टी के लोग एक साथ ही पहली मंजिल पर स्थित सभागार में पहुंच गये। इस मौके पर भीड़ इतनी ज्यादा बढ़ गई कि हाॅल के कूलिंग सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। लोग एक के ऊपर एक चढ़ते नजर आये। ज्यादातर पत्रकारों को बैठने का स्थान तक नहीं मिला। क्योंकि कार्यकर्ता नये प्रदेश अध्यक्ष को अपना चेहरा दिखाना चाहते थे, इसलिए वह भारी संख्या में मीडिया के लिए निर्धारित स्थान पर घुस गये।


