-शहरी क्षेत्र में 25 दिन व ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिनों में डिलीवरी सुनिश्चित करने के आदेशः डीएम
एसएस ब्यूरो/ हाजीपुर, वैशाली।
वैशाली जिला प्रशासन के द्वारा उपभोक्ताओं को एलपीजी की आपूर्ति के मामले मेें कड़ी नजर रखी जा रही है। जिला आपूर्ति अधिकारी की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया है कि जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने शहरी क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने के आदेश दिये हैं। एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने हेतु जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी के अनुसार जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 67 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनके माध्यम से 8,06,738 घरेलू उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है। जिले में आईओसीएल के 4,46,727, बीपीसीएल के 1,82,685 तथा एचपीसीएल के 1,77,326 घरेलू उपभोक्ता हैं। 18 मई 2026 तक जिले में कुल 11,092 गैस बुकिंग प्राप्त हुई, जबकि 3,570 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई। वर्तमान में कुल 71,885 रिफिल लंबित हैं तथा औसत बैकलॉग 5.7 दिनों का है।
इसके साथ ही एलपीजी गैस की जमाखोरी एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए उड़नदस्ता दल, पुलिस पदाधिकारी तथा आपूर्ति विभाग की टीमों द्वारा लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। गैस एजेंसियों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जा रही है। अब तक एलपीजी गैस से संबंधित जमाखोरी एवं कालाबाजारी के मामलों में कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं, जिनमें अनुमंडल हाजीपुर में दो तथा महनार में एक मामला शामिल है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि एलपीजी आपूर्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा सूचना जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06224-260233 एवं 260234 पर दर्ज कराएं।


