-दिल्ली कैपिटल्स ने डी सी टोली के साथ आयोजित किया विशेष फैन फोरम
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 16 मई।
दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी आधिकारिक फैन कम्युनिटी डी सी टोली के साथ शुक्रवार को अरुण जेटली स्टेडियम में एक विशेष फैन फोरम का आयोजन किया। ढोल-नगाड़ों, नारों, संगीत और डांस परफॉर्मेंस के बीच कप्तान अक्षर पटेल, केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स, नितीश राणा, लुंगी एनगिडी और माधव तिवारी का स्वागत किया। इस फैन फोरम में रैप परफॉर्मेंस, फैंस के सवाल-जवाब, बातचीत, फोटो सेशन और डी सी टोली के साथ कई यादगार पल देखने को मिले।
खिलाड़ियों ने समर्थकों के साथ समय बिताया, जिन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव, संदेश, कविताएं और पूरे सीजन की यादें साझा कीं। इस मौके पर कप्तान अक्षर पटेल ने पूरे सीजन टीम का समर्थन करने के लिए फैंस का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, “हम हमेशा डी सी टोली के साथ होने वाले इस वार्षिक फैन फोरम का आनंद लेते हैं। परिस्थिति चाहे कैसी भी हो, आप लोग हमेशा हमारा समर्थन करते हैं। जब हम मुश्किल में होते हैं, तब हम आपको हमारे लिए चीयर करते और गाते हुए देखते हैं। आपके लगातार प्यार और समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।”
नितीश राणा ने भी खिलाड़ियों और फैंस के रिश्ते पर अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने कहा, “यहां आना मेरे लिए सच में खास है क्योंकि मैं पहले दिन से ही दिल्ली का फैन रहा हूं। आईपीएल के शुरुआती दो सीजन में मैं कोटला में एक दर्शक के रूप में मैच देखने आता था। मुझे आज भी याद है जब अक्षय कुमार रस्सियों के सहारे एंट्री करते थे।”
उन्होंने आगे कहा, “उस समय मैं क्रिकेट खेल रहा था, लेकिन मुझे नहीं पता था कि कभी आईपीएल खेलने का मौका मिलेगा या नहीं। आज मैं यहां एक क्रिकेटर के रूप में बैठा हूं, लेकिन अगर मैं क्रिकेटर नहीं होता तो शायद डी सी टोली के साथ वहीं बैठा होता, क्योंकि मैं हमेशा से दिल्ली का फैन रहा हूं। मेरा जन्म और पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ है।”
वर्षों से यह वार्षिक फैन फोरम दिल्ली कैपिटल्स और उसके समर्थकों के बीच जुड़ाव का महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। यह पहल टीम और डी सी परिवार के रिश्ते को और मजबूत करती है तथा खिलाड़ियों और फैंस को पूरे सीजन की यात्रा का जश्न मनाने के लिए एक मंच पर लाती है।


