-माइक्रो वर्ग की रेस 1 में पहले ही कॉर्नर पर बड़ा हादसा
विजय कुमार/ बेंगलुरु, 11 मई।
मुंबई के कियान शाह ने अपने शुरुआती रेसिंग करियर के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए रविवार देर रात बेंगलुरु में प्रतिष्ठित मेको मेरिटस कप में रोटैक्स सीनियर खिताब अपने नाम किया। 15 वर्षीय कियान, जिन्होंने हाल ही में थाईलैंड में आयोजित आर एम सी एशिया ट्रॉफी में पोडियम फिनिश हासिल की थी, ने रेस 1 जीती और रेस 2 में दूसरा स्थान हासिल कर मेरिटस कप के राउंड 1 के बाद अंक तालिका में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
कियान शाह ने रयो रेसिंग के लिए शानदार डबल पूरा किया, क्योंकि मुंबई के ही अथर्व हेमानी ने रोटैक्स माइक्रो खिताब जीता, जबकि आरव सुरेका तीसरे स्थान पर रहे। विजेताओं को एफ एम एस सी आई नेशनल कार्टिंग चैंपियनशिप के सभी राउंड में मुफ्त एंट्री मिलेगी।
राष्ट्रीय चैंपियन आदित्य पटनायक, जो रयो रेसिंग का नेतृत्व कर रहे थे, ने कहा, “कियान ने बेहतरीन रेसिंग की और हम उनके विकास से बेहद प्रभावित हैं। माइक्रो रेसर्स ने जीत हासिल करने में शानदार परिपक्वता और साहस दिखाया।”
रयो रेसिंग के सीईओ सौरव बंदोपाध्याय ने कहा, “हम अपने रेसर्स की मानसिक मजबूती और मनोविज्ञान पर काफी काम कर रहे हैं। अब उसके परिणाम दिखने लगे हैं।”
सीनियर वर्ग की रेस 1 में कियान ने तीसरे स्थान से शुरुआत करते हुए जल्द ही दूसरा स्थान हासिल कर लिया। चैथे कॉर्नर पर उन्होंने मिस्रा को पीछे छोड़ते हुए शानदार तरीके से बढ़त बना ली। एमस्पोर्ट के वेंगटेशन दूसरे स्थान पर आ गए। इसके बाद कियान ने तेजी से बढ़त बनाई और आसानी से रेस जीत ली। रेस 2 में भी कियान ने तीसरे स्थान से शानदार शुरुआत कर दूसरा स्थान हासिल किया। हालांकि, दूसरे कॉर्नर पर पीछे से टक्कर लगने के कारण उन्हें नुकसान हुआ। वह उस अंतर को पूरा नहीं कर सके और दूसरे स्थान पर फिनिश किया। मिस्रा ने रेस जीती जबकि वेंगटेशन तीसरे स्थान पर रहे।
माइक्रो वर्ग की रेस 1 में पहले ही कॉर्नर पर बड़ा हादसा हुआ, जिसमें लगभग पूरा ग्रिड ट्रैक से बाहर चला गया। पीछे से शुरुआत करने वाले रयो रेसिंग के आरव सुरेका और अथर्व हेमानी भी ट्रैक से बाहर गए, लेकिन किसी से टकराने से बच गए।
इसके बाद दोनों आगे के समूह में लौट आए। अथर्व ने पूरी रेस में आरामदायक बढ़त बनाए रखी और बिना किसी चुनौती के जीत दर्ज की, जबकि आरव को गुरुग्राम के पेरेग्रिन रेसिंग के साखिर नागपाल के लगातार हमलों का सामना करना पड़ा। आरव ने अपना स्थान बचाए रखा और दूसरे स्थान पर फिनिश किया।
रोटैक्स इवेंट में केवल दूसरी बार हिस्सा ले रहे अथर्व ने माइक्रो वर्ग की रेस 2 में भी शानदार शुरुआत की। छठे स्थान से शुरुआत करने वाले अथर्व दूसरे ही कॉर्नर तक रेस में आगे निकल गए। उन्होंने आधी से ज्यादा रेस तक बढ़त बनाए रखी, लेकिन बाद में लगातार हमलों के कारण छठे स्थान पर खिसक गए। आरव एक समय तीसरे स्थान तक पहुंच गए थे, लेकिन अंततः चैथे स्थान पर फिनिश किया। पेरेग्रिन रेसिंग के येशविन विनायक (चेन्नई), जिदान अनीस (बेंगलुरु) और नागपाल क्रमशः शीर्ष तीन स्थानों पर रहे।


