हॉकी इंडिया ने की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंडर-18 सीरीज के लिए पुरुष और महिला टीमों की घोषणा

-केतन कुशवाहा और स्वीटी कुजूर 24 सदस्यीय भारतीय टीमों की कप्तानी करेंगे।

विजय कुमार/नई दिल्ली, 7 मई।
हॉकी इंडिया ने गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी हाई-इंटेंसिटी सीरीज के लिए भारतीय अंडर-18 पुरुष और महिला टीमों की 24 सदस्यीय टीमों की घोषणा की। यह सीरीज 15 से 20 मई 2026 तक भोपाल के उधव दास मेहता (भाई जी) साईं सेंट्रल सेंटर में आयोजित की जाएगी।
चार मैचों की यह सीरीज 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगहारा में होने वाले पुरुष एवं महिला अंडर-18 एशिया कप 2026 की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है। राष्ट्रीय कोचिंग कैंप के दौरान एक सप्ताह तक चले कड़े मूल्यांकन के बाद शुरुआती 42 खिलाड़ियों के समूह को घटाकर अंतिम 24 खिलाड़ियों का चयन किया गया। खिलाड़ियों का चयन मैच फिटनेस और सामरिक अनुकूलन क्षमता के आधार पर किया गया। फॉरवर्ड केतन कुशवाहा को भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि भारतीय अंडर-18 महिला टीम की कप्तानी स्वीटी कुजूर करेंगी।
पुरुष सब-जूनियर टीम का मार्गदर्शन पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह और रजनीश मिश्रा कर रहे हैं। आगामी मुकाबलों पर बात करते हुए सरदार सिंह ने कहा, “कैंप में एक उपयोगी सप्ताह बिताने के बाद हमने उन 24 खिलाड़ियों की पहचान की है जिन्हें हम अंतरराष्ट्रीय अनुभव के लिए तैयार मानते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये मुकाबले सिर्फ अभ्यास मैच नहीं हैं, बल्कि हमारी मैच टेम्परामेंट और सामरिक अनुशासन की महत्वपूर्ण परीक्षा हैं। केतन मैदान पर स्वाभाविक लीडर हैं और मैं यह देखने के लिए उत्सुक हूं कि यह समूह जापान रवाना होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई खेल शैली की गति और दबाव को कैसे संभालता है।”
पूर्व भारतीय कप्तान रानी रामपाल ने टीम चयन पर कहा, “हमने टीम को घटाकर उन 24 खिलाड़ियों तक सीमित किया है जिन्होंने कैंप के दौरान सबसे अधिक निरंतरता और विकास दिखाया। स्वीटी के पास इस युवा टीम का प्रभावी नेतृत्व करने का अनुभव और दृष्टि है। भोपाल में ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम के खिलाफ चार मैच खेलने से हमें अपनी ताकत और सुधार की जरूरत वाले क्षेत्रों की स्पष्ट तस्वीर मिलेगी। एशिया कप से पहले यह सीरीज लड़कियों के लिए अंतिम तैयारी जैसी होगी।”
भारतीय अंडर-18 पुरुष टीम
गोलकीपर सावन कुमार, आयुष राजक, विशाल बड़ा
डिफेंडररू अंश बहुत्रा, आशीष तानी पुर्ती, अरमान सोरेन, दीपकप्रकाश टोप्पो, करण गौतम, करण धनुक मिडफील्डर प्रेमचंद सोय, राहुल यादव, वरिंदर सिंह, रोमित पाल, अर्जनदीप सिंह, गुरसिमरनप्रीत सिंह, अर्शदीप सिंह, अवि मानिकपुरी फॉरवडर्रू आकाश दीप, केतन कुशवाहा (कप्तान), शाहरुख अली, गाजी खान, प्रह्लाद राजभर, सिद्धार्थ बेन, जैसन कंडुलना
भारतीय अंडर-18 महिला टीम
गोलकीपररू महक परिहार, हैरी, खिली कुमारी, डिफेंडरर सुगन सांगा, नीलम टोपनो, रुबीना बक्सला, किरण एक्का, दिव्या यादव, सुलोचनी मिडफील्डर श्रुति कुमारी, दिया, हर्षिता, रश्मीन कौर, लामिंगनबी अकोइजाम, नैन्सी सरोहा, टोंगब्राम लांचेनबी देवी, स्नेहा दावड़े, फॉरवडर्रू नौशीन नाज, स्वीटी कुजूर (कप्तान), प्रियंका मिंज, संदीपा कुमारी, नाम्मी गीताश्री, प्रिंसेस प्रिया एक्का, पुष्पा मांझी।