-एथलीट ऐप और 7,50,000 युवाओं को निशानेबाजी से जोड़ने की पहल की शुरूआत
विजय कुमार/ नई दिल्लीः 27 अप्रैल, 2026।
नेशनल राइफल एसोसिएशन (एनआरआई) ने अपनी 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह के साथ एक ऐतिहासिक मील का पत्थर स्थापित किया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडवीया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों और खिलाड़ियों की उपस्थिति में हुए इस आयोजन ने संगठन की उपलब्धियों का जश्न मनाने के साथ-साथ शूटिंग लीग को लेकर बढ़ते उत्साह को भी नई दिशा दी। समारोह के दौरान संगठन ने अपनी 75वीं वर्षगांठ का विशेष स्मारक लोगो भी लॉन्च किया, जो भारतीय निशानेबाजी में साढ़े सात दशक की उत्कृष्टता, अनुशासन और उपलब्धियों का प्रतीक है।
इसके अलावा संगठन ने 2028 ओलंपिक से पहले देशभर के 7,50,000 नए स्कूल और कॉलेज छात्रों को ‘10-शॉट एक्सपीरियंस’ के जरिए निशानेबाजी से परिचित कराने की विशाल जमीनी पहल की घोषणा की। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालयों, स्कूल बोर्डों और राज्य संघों के सहयोग से कई राज्यों और जिलों में चलाया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य जमीनी स्तर पर जागरूकता और भागीदारी बढ़ाना है, जिससे भविष्य के भारतीय निशानेबाजों की पहचान और प्रेरणा मिल सके। इस अवसर पर संगठन एथलीट ऐप का भी आधिकारिक शुभारंभ किया गया, जिसने संगठनको भारत का पहला पूर्ण डिजिटाइज्ड खेल महासंघ बना दिया है। यह ऐप एथलीट प्रबंधन के लिए वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगा। 7,50,000 युवाओं के पंजीकरण, प्रमाणपत्र जारी करने, रिकॉर्ड बनाए रखने और भारत के एलीट एवं अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजों के प्रदर्शन की निगरानी तक। केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मांडविया को 75वीं वर्षगांठ का स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
इस मौके पर डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा, “संगठन के 75 शानदार वर्षों के अवसर पर यह देखकर खुशी होती है कि भारतीय निशानेबाजी एथलीट ऐप, 7.5 लाख युवाओं तक पहुंच और आगामी शूटिंग लीग जैसी पहलों के जरिए नवाचार और दूरदृष्टि को अपना रही है। ये प्रयास प्रतिभा पहचानने, खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर बनाने में मदद करेंगे। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने खेलों में उल्लेखनीय प्रगति की है और सही योजना व प्रतिबद्धता के साथ हम दुनिया की अग्रणी खेल शक्तियों में शामिल हो सकते हैं।”
संगठन के अध्यक्ष के एस देव ने कहा, “75 वर्ष की यह उपलब्धि केवल विरासत का जश्न नहीं, बल्कि भारतीय निशानेबाजी के भविष्य को आकार देने का अवसर है। हमारा लक्ष्य इस खेल को अधिक सुलभ, प्रेरणादायक और आकर्षक बनाना है।” कार्यक्रम में आगामी एस एल आई का एक आकर्षक टीजर भी दिखाया गया, जिसमें लीग के अभिनव फ्रेंचाइजी और टीम-आधारित प्रारूप की झलक दिखाई गई।


