-विदेशी विशेषज्ञों की सेवाएं लेगा भारतीय कुश्ती महासंघ
विजय कुमार/ नई दिल्ली, 23 अप्रैल।
एशियन गेम्स और 2028 ओलंपिक में कई पदक जीतने के लक्ष्य के साथ भारतीय कुश्ती महासंघ ने राष्ट्रीय टीम के लिए तीन विदेशी कोच और एक हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर नियुक्त किए हैं। ये विदेशी विशेषज्ञ अगले महीने से अपना कार्यभार संभालेंगे।
संघ के अनुसार एमजारियोस बेंटिनिडिस पुरुष फ्रीस्टाइल कोच होंगे, जापान के कोसेई अकाइशी महिला पहलवानों की जिम्मेदारी संभालेंगे, गोगी कोगुआशविली पुरुष ग्रीको-रोमन टीम के कोच होंगे, जबकि अमेरिका के इयान बटलर हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर की भूमिका निभाएंगे।


भारत ने 2008 से हर ओलंपिक में कम से कम एक पदक जीता है और हाल ही में भारतीय दल ने किर्गिस्तान के बिश्केक में आयोजित एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और छह रजत सहित कुल 17 पदक जीते थे।


संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा, “ये नियुक्तियां भारतीय कुश्ती के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञता और समर्पित हाई-परफॉर्मेंस नेतृत्व संरचना के जरिए हम ऐसी प्रणाली बना रहे हैं जो हर स्तर पर खिलाड़ियों का समर्थन करेगी। हमारा लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक उत्कृष्टता के लिए स्थायी मार्ग तैयार करना है।”
चारों विदेशी विशेषज्ञ चैंपियन तैयार करने के शानदार अनुभव के साथ आ रहे हैं। बेंटिनिडिस, जिन्हें शाको के नाम से जाना जाता है, भारत के कई शीर्ष फ्रीस्टाइल पहलवानों के साथ पहले भी काम कर चुके हैं।


पांच बार के विश्व चैंपियन गोगी पहले रूस की ग्रीको-रोमन टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में 2006 से 2025 के बीच रूस ने विश्व चैंपियनशिप में 62 पदक, जिनमें 18 स्वर्ण शामिल हैं, जीते।
जापान के कोसेई अकाइशी अपने देश की राष्ट्रीय टीम में कोच और हाई-परफॉर्मेंस डायरेक्टर रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में जापान ने टोक्यो 2020 ओलंपिक में चार स्वर्ण और दो कांस्य तथा पेरिस 2024 ओलंपिक में रिकॉर्ड आठ स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते।
पुरुष फ्रीस्टाइल और ग्रीको-रोमन कोच भारतीय खेल प्राधिकरण के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय केंद्र में चल रहे राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर से जुड़ेंगे, जबकि अकाइशी नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिला शिविर में तैनात रहेंगे।
तीनों कोच इयान बटलर के साथ मिलकर काम करेंगे, जो लखनऊ और नई दिल्ली के बीच समन्वय बनाए रखेंगे, क्योंकि भारतीय दल सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स की तैयारी में जुट चुका है।
भारत ने एशियन गेम्स के इतिहास में अब तक 11 स्वर्ण सहित कुल 65 पदक जीते हैं। चीन में हुए पिछले संस्करण में भारतीय दल ने एक रजत और पांच कांस्य सहित छह पदक हासिल किए थे। संघ को भरोसा है कि इन नियुक्तियों के बाद जापान में भारत कुश्ती में दोहरे अंकों में पदक जीतने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।


