-गुरूवार को नामांकन का अंतिम दिन, दावेदारों की धड़कनें बढ़ीं
हीरेन्द्र सिंह राठौड़/ नई दिल्लीः 22 अप्रैलः
आम आदमी पार्टी ने मेयर पद के लिए होने वाले चुनाव के मामले में भले ही पूरी तरह से ‘सरेंडर’ कर दिया हो परंतु दिल्ली बीजेपी के अंदर चल रही गुटबाजी के चलते मेयर, डिप्टी मेयर और स्टेंडिंग कमेटी के सदस्य पद के उम्मीदवारों का नाम तय नहीं हो पाया है। बुधवार को बीजेपी की ओर से मेयर एवं डिप्टी मेयर पद के लिए दावेदारों की धड़कनें बढ़ी रहीं। पार्टी के ज्यादातर निगम पार्षद एक-दूसरे और मीडिया कर्मियों से ताजा अपडेट जानने के लिए उत्सुक दिखाई दिये।
दिल्ली बीजेपी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि बुधवार को देर शाम तक उम्मीदवारों के नामों के मामले में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका। बताया जा रहा है कि पार्टी में दो बड़े धड़े बने हुए हैं। एक धड़ा दीन दयाल उपाध्याय मार्ग से अपनी मर्जी थोपना चाहता है तो दूसरा धड़ा प्लेयर्स बिल्डिंग से अपनी पसंद का उम्मीदवार देना चाहता है। इस बीच पार्टी के कई बड नेताओं का झुकाव इंद्रप्रस्थ एस्टेट स्थित प्लेयर्स बिल्डिंग की ओर होता दिखाई दे रहा है।
दिल्ली के मेयर एवं डिप्टी मेयर का चुनाव 29 अप्रैल को होना है और इसके लिए गुरूवार को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है। बताया जा रहा है कि इसके लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, केंद्रीय मंत्री हर्ष मलहोत्रा, प्रदेश सह प्रभारी अल्का गुर्जर, दिल्ली बीजेपी संगठन महामंत्री पवन राणा और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की कमेटी को नाम तय करने हैं। परंतु बुधवार को देर सांय तक इस मामले में कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है।
अंतिम दिन ही की जाती रही है घोषणा
हालांकि पिछले कई वर्षों से दिल्ली बीजेपी में नामांकन की अंतिम तारीख को ही मेयर एवं डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाती रही है। परंतु इसके लिए कवायद कई दिन पहले से शुरू हो जाती थी। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि इससे पहले पार्टी के अंदर कुछ नामों को अंतिम दिन से एक दिन पहले ही तय किया जाता रहा है। लेकिन इस बार छोटे-बड़े कई धड़ों में बंटी बीजेपी नेताओं के बीच चल रही नाक की लड़ाई के बीच मेयर और डिप्टी मेयर पद के उम्मीदवारों के नाम तय नहीं हो पाये हैं।
नेता सदन कार्यालय में ब्लैंक नामांकन पत्र तैयार
हर वर्ष होने वाले मेयर, डिप्टी मेयर और एमसीडी से जुड़े अलग अलग चुनावों के लिए नामांकन की पूरी प्रक्रिया पार्टी की ओर से एमसीडी में नेता सदन कार्यालय के द्वारा की जाती है। इस वर्ष भी गुरूवार को होने वाले नामांकन के लिए नेता सदन कार्यालय ने तैयारी कर ली है। नेता सदन कार्यालय में बुधवार को खाली नामांकन पत्रों पर प्रस्तावकों एवं अनुमोदकों (पार्षदों) के हस्ताक्षर करा लिये हैं। अब केवल पार्टी की ओर से घोषित उम्मीदवारों के नाम भरवाकर उनके हस्ताक्षर करवाकर गुरूवार को नामांकन पत्र दाखिल करा दिये जायेंगे।


