पहाड़ों पर बरसे बर्फ के बादल तो मैदानों छूटी कंपकपी… DELHI-NCR में सर्दी की फुहार

-कई राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार

एसएस ब्यूरो/नई दिल्लीः 13 फरवरी, 2023।
दिल्ली-एनसीआर का पारा एक बार फिर नीचे आने से लोगों की कंपकपी छूटने लगी है। कारण है कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। ऐसे में इस बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत के कई राज्यों में सोमवार की सुबह से ही ठंडी हवाएं तेजी से चल रही हैं। जिससे ठंड का अहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों पर हल्की बर्फबारी व बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली-एनसीआर में सुबह से ही ठंडी हवाएं चल रही हैं। जिससे यहां के मौसम में ठंड का अहसास हो रहा है। रविवार के मुकाबले सोमवार को तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में मौसम साफ रहेगा। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड में सोमवार को मौसम शुष्क है। ज्यादातर इलाकों में धूप भी खिल रही है। लेकिन सर्द हवाओं ने अचानक ही ठंड बढ़ा दी है। उत्तराखंड के कुछ इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश व जम्मू और कश्मीर में बर्फबारी व बारिश की संभावना है।
बिहार और उत्तर प्रदेश में आसमान साफ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी ठंडी हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग का कहना है कि ठंडी हवाओं के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके अलावा बिहार में भी तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश की राजधानी पटना और गया समेत कई शहरों में अधिकतम तापमान गिरा है। गौरतलब है कि पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने 13 फरवरी को तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है।
अन्य कई राज्यों में मौसम में बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। असम और नगालैंड में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की संभावना है। उत्तरी-पश्चिमी भारत में अगले तीन दिनों के दौरान 35 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, देश के बाकी राज्यों में अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहेगा।